शहीद राकेश सिंह का 22वां शहादत दिवस मना:जौनपुर में पूर्व विधायक बोले- शहीद अमर हैं; बेटों ने स्मारक न बनने पर जताई पीड़ा

Sep 27, 2026 - 16:41
0
शहीद राकेश सिंह का 22वां शहादत दिवस मना:जौनपुर में पूर्व विधायक बोले- शहीद अमर हैं; बेटों ने स्मारक न बनने पर जताई पीड़ा
जौनपुर में देश की रक्षा में अपने प्राणों का बलिदान देने वाले शहीद राकेश सिंह की 22वीं शहादत दिवस पर रविवार को श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। क्षेत्र के गोपीपुर गांव स्थित आचार्य रमाशंकर विद्यालय में दोपहर 1 से 3 बजे तक हुए कार्यक्रम में लोगों ने शहीद राकेश सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में अतिथियों ने उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके बलिदान को याद किया। कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए जफराबाद के पूर्व विधायक डॉ. हरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि भारत माता की सेवा और रक्षा करते हुए प्राण न्योछावर करने वाला कभी मरता नहीं है। वह देशवासियों के लिए हमेशा अमर रहता है। उन्होंने कहा कि सैनिकों के कारण ही हमारा अच्छा कल संभव है। हमें उनके लिए समय निकालकर उन्हें याद जरूर करना चाहिए। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी ज्ञानप्रकाश सिंह ने कहा कि देश के लिए शहीद होने वाले जांबाज सैनिकों को याद करना जरूरी है। उनके बलिदान को कभी नहीं भुलाया जा सकता। देशवासी सैनिकों के कारण ही चैन की नींद सोते हैं। सैनिक देशवासियों की सुरक्षा और बेहतर भविष्य के लिए अपना सब कुछ न्योछावर करने में तनिक भी हिचक नहीं दिखाते। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती आरती अखिलेन्द्र सिंह ने की, जबकि संचालन एडवोकेट जयप्रकाश सिंह कामरेड ने किया। कार्यक्रम को जिला पंचायत सदस्य अमरेश रतन सिंह रंगीले, संतकुमार चौबे, अजित सिंह, रजनीश चौबे, अखिलेन्द्र सिंह सहित अन्य लोगों ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने शहीद राकेश सिंह की पत्नी सरोज सिंह को शॉल देकर सम्मानित किया। इसके बाद शहीद के पुत्र सुधीर सिंह और अश्विनी सिंह ने शहीद के नाम पर अब तक शहीद स्थल नहीं बनने की बात रखी। उन्होंने कहा कि शहीद की स्मृति में स्थल बनाए जाने की लंबे समय से अपेक्षा है। इस पर कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने उन्हें शहीद स्थल बनवाने का आश्वासन दिया। हालांकि, विधायक रहते हुए डॉ. हरेंद्र प्रसाद सिंह ने शहीद राकेश सिंह के नाम से गांव में गेट का निर्माण कराया था। कार्यक्रम में अवनीश चौबे, मनोज सिंह, रविन्द्र बहादुर सिंह, पीयूष सिंह, मिथिलेश सिंह, शिवशंकर सिंह, कमलेश प्रजापति, रायसाहब गौतम, गोरख प्रजापति, संजू गुप्ता, अजय मिश्र सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। अंत में शहीद के पुत्र सुधीर सिंह और अश्विनी सिंह ने कार्यक्रम में शामिल सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User