शिक्षकों ने पुरानी पेंशन बहाली के लिए धरना:मिर्जापुर में TET परीक्षा खत्म करने समेत कई मांगें उठाईं
मिर्जापुर में पुरानी पेंशन योजना बहाल करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट के पदाधिकारियों और शिक्षकों ने बरियाघाट स्थित जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद शिक्षक सायंकाल करीब 5 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचे नारेबाजी कर अपनी आवाज को बुलंद किया। कार्यवाहक जिलाध्यक्ष संजय सिंह के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में शिक्षक एवं कर्मचारी शामिल हुए। धरना समाप्त होने के बाद संगठन की ओर से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। शिक्षक संघ की प्रमुख मांगों में नई पेंशन व्यवस्था समाप्त कर सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करना शामिल है। इसके अलावा 27 जुलाई 2011 से पहले नियुक्त शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) की अनिवार्यता से मुक्त रखने की मांग उठाई गई। शिक्षकों ने शैक्षिक एवं अन्य प्रमाणपत्रों के बार-बार सत्यापन पर रोक लगाने और केवल शिकायत मिलने पर ही जांच कराने की मांग की। इसके साथ ही प्रदेश के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक पदों पर पदोन्नति करने, गैर-टीईटी शिक्षकों को पदोन्नति के मामले में 30 जून 2027 तक राहत देने तथा अंतर्जनपदीय स्थानांतरण की अंतिम सूची जारी करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)