सीतापुर कचहरी में वकीलों से मारपीट, चेन लूटने का आरोप:कोर्ट के आदेश पर रिटायर्ड दरोगा, पत्नी और बेटे पर केस

Oct 02, 2026 - 09:02
0
सीतापुर कचहरी में वकीलों से मारपीट, चेन लूटने का आरोप:कोर्ट के आदेश पर रिटायर्ड दरोगा, पत्नी और बेटे पर केस
सीतापुर में कचहरी परिसर में अधिवक्ताओं के साथ मारपीट, अभद्रता और सोने की चेन छीनने के आरोप में शहर कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया है। अधिवक्ता की तहरीर पर रिटायर्ड दरोगा उसकी पत्नी और बेटे के खिलाफ केस दर्ज किया है। अधिवक्ता भानु प्रताप सिंह के सहयोगी अधिवक्ता विनय कुमार सिंह की तहरीर पर सीजेएम न्यायालय के निर्देश के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक ज्योति विश्नोई को सौंपी गई है। अधिवक्ता की ओर से न्यायालय में दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार घटना 17 जुलाई 2026 की बताई गई है। आरोप है कि अधिवक्ता अपने साथियों के साथ कचहरी स्थित चेंबर में बैठकर न्यायिक कार्य कर रहे थे। इसी दौरान जेल में निरुद्ध एक आरोपी के परिजन समझौते से संबंधित बातचीत करने के लिए चेंबर में पहुंचे। आरोप है कि बातचीत के दौरान आरोपी पक्ष के सेवानिवृत्त दरोगा प्रेम प्रकाश सिंह, उनके पुत्र ओम प्रकाश सिंह उर्फ रबी सिंह और उनकी पत्नी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। अधिवक्ता पक्ष ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने कथित रूप से उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने अधिवक्ता का कॉलर पकड़कर खींचा और मारपीट करते हुए उनका कोट और बैंड फाड़ दिया। इसी दौरान अधिवक्ता के गले में पड़ी सोने की चेन भी जबरन छीन लिए जाने का आरोप लगाया गया है। घटना के दौरान चेंबर में शोर-शराबा होने पर आसपास मौजूद अन्य अधिवक्ता मौके पर पहुंचने लगे। आरोप है कि भीड़ जुटती देख आरोपी जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। पीड़ित अधिवक्ता का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। सीजेएम के आदेश के बाद शहर कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User