संभल में धान निकालने गए मजदूर की मौत:परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया, घर से 500 मीटर दूर खेत की मंड पर शव मिला
संभल में खेत से धान निकालने गए 42 वर्षीय ग्रामीण की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना हयातनगर थाना क्षेत्र के कमालपुर सराय गांव की गुरुवार रात की है। ग्रामीण रात करीब 9 बजे गांव से करीब 500 मीटर दूर खेत में धान निकालने गया था। कुछ देर बाद वह खेत के बाहर मेड़ पर संदिग्ध हालत में अचेत पड़ा मिला। परिजन उसे तलाशते हुए मौके पर पहुंचे, जहां उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को गुरुवार-शुक्रवार की मध्यरात्रि करीब 1:30 बजे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान कमालपुर सराय निवासी किशोरी लाल सैनी (42) पुत्र मनफूल सैनी के रूप में हुई है। पत्नी प्रेमवती के अनुसार, किशोरी लाल मजदूरी के लिए गांव से करीब 500 मीटर दूर खेत में धान निकालने गया था। रात करीब 9 बजे वह खेत के बाहर मेड़ पर संदिग्ध परिस्थितियों में अचेत अवस्था में पड़ा मिला। परिजनों के मुताबिक वह करीब पौने दो घंटे तक अचेत हालत में रहा और समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। तलाश करते हुए खेत पहुंचे परिजन किशोरी लाल के देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश करते हुए खेत पर पहुंचे। वहां उसे अचेत अवस्था में पड़ा देखकर ग्रामीणों ने शोर मचा दिया। मौत की जानकारी मिलते ही पत्नी प्रेमवती अपने बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मौके पर पहुंचीं। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप घटना की सूचना मिलते ही हयातनगर थाना प्रभारी संजीव बालियान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पत्नी प्रेमवती सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने पुलिस के सामने किशोरी लाल की हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाया और मामले में कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने घटना की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई थाना प्रभारी संजीव बालियान ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया किशोरी लाल सैनी अपने पीछे पत्नी प्रेमवती के अलावा तीन बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। बेटियों के नाम राखी, भारती और प्रियंका हैं, जबकि बेटे का नाम कृष्ण है। किशोरी लाल मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी मौत के बाद चारों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। परिवार के सामने अब आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)