सीतापुर में पिपरी बाबा स्थान के पुजारी लापता:गोमती नदी में दूसरे दिन भी तलाश जारी, ग्रामीणों की भीड़ जुटी; 24 घंटे पहले हुए थे लापता

Sep 30, 2026 - 15:52
0
सीतापुर में पिपरी बाबा स्थान के पुजारी लापता:गोमती नदी में दूसरे दिन भी तलाश जारी, ग्रामीणों की भीड़ जुटी; 24 घंटे पहले हुए थे लापता
सीतापुर के संदना थाना क्षेत्र के कुर्सी गांव के पास लोहरा घाट स्थित पिपरी बाबा स्थान के लापता पुजारी धनीराम की दूसरे दिन बुधवार को भी तलाश जारी रही। गोमती नदी में डूबने की आशंका को देखते हुए स्थानीय तैराकों ने नदी में उतरकर काफी दूर तक खोजबीन की, लेकिन देर तक बाबा का कोई सुराग नहीं लग सका। बाबा के लापता होने की जानकारी के बाद आश्रम के बाहर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। जानकारी के अनुसार, पिपरी बाबा स्थान पर पिछले कई वर्षों से रहकर पूजा-अर्चना और साधना करने वाले बाबा धनीराम (62) पुत्र मुलहे, निवासी सिमौरी मजरा कुर्सी, मंगलवार सुबह अचानक मंदिर परिसर में मौजूद नहीं मिले थे। उनके लापता होने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों में तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी बाबा का पता नहीं चलने पर पुलिस को सूचना दी गई। आश्रम के समीप से गोमती नदी बहने के कारण ग्रामीणों ने बाबा के नदी में गिरने की आशंका जताई। इसके बाद स्थानीय तैराकों को नदी में उतारकर तलाश शुरू कराई गई। मंगलवार को कई घंटे तक नदी और आसपास के क्षेत्र में खोजबीन की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। बुधवार को दूसरे दिन भी तैराकों ने नदी के अलग-अलग हिस्सों में बाबा की तलाश की। सूचना पर संदना थानाध्यक्ष प्रिंस सोनकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों से जानकारी लेने के साथ आश्रम और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। वन विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष प्रिंस सोनकर ने बताया कि बाबा धनीराम के लापता होने की सूचना पर पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए तलाश कर रही है। बाबा के भतीजे मनोज कुमार की तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User