सलेमपुर में लगा निःशुल्क चिकित्सा शिविर:डॉ. केके तिवारी की पुण्यतिथि पर 482 मरीजों की जांच, विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दी सलाह
देवरिया के सलेमपुर में नगर के प्रसिद्ध आयुर्वेद चिकित्सक स्व. डॉ. केके तिवारी की द्वितीय पुण्यतिथि पर बुधवार को जमुआ नंबर-2 स्थित बुद्धा हॉस्पिटल में निःशुल्क आयुर्वेद एवं एलोपैथिक चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ गोरखपुर बुद्धा हॉस्पिटल के निदेशक एवं हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. एससी कौशिक ने स्व. डॉ. केके तिवारी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 482 मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। हड्डी व नस, दंत, पेट, बाल, महिला एवं प्रसूति, नेत्र, लीवर, छाती, मधुमेह, पथरी, बवासीर और भगंदर सहित विभिन्न रोगों से पीड़ित मरीजों को चिकित्सकीय सलाह दी गई। शिविर में आयुर्वेदिक चिकित्सा और फिजियोथेरेपी की सुविधा भी उपलब्ध रही। शिविर में डॉ. कृष्ण कुमार यादव, डॉ. निधि तिवारी, डॉ. पवन प्रकाश सिंह, डॉ. आरएन यादव, डॉ. एमएम तिवारी, डॉ. अतुल राय, डॉ. भूपेंद्र कुमार, डॉ. विजय यादव, डॉ. नितीश ओझा, डॉ. शिवम विश्वकर्मा और डॉ. अभिनव तिवारी समेत अन्य चिकित्सकों ने सेवाएं दीं। आयोजक डॉ. एमएम तिवारी ने कहा कि उनके पिता स्व. डॉ. केके तिवारी ने क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का संकल्प लिया था। उनकी स्मृति में यह शिविर आयोजित किया गया है। भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रहेंगे। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद समेत वरिष्ठ चिकित्सकों डॉ. बीबी तिवारी, डॉ. शैलेंद्र मिश्रा, डॉ. ओपीएसएन तिवारी, डॉ. बीके मल्ल, डॉ. जेडी शुक्ला और डॉ. अतुल राय को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों का स्वागत सह सेवा प्रमुख नित्यानंद राय ने किया। कार्यक्रम में जिला प्रचारक सचिन, जिला कार्यवाह वेद प्रकाश, सह जिला कार्यवाह करुणेश और दानवीर मौजूद रहे। पीएमपीए के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रद्युम्न पांडेय ने सभी आगंतुकों का आभार जताया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)