संभल में बाढ़ पीड़ितों के बनेंगे राशन कार्ड:प्रभावित इलाकों में लगेंगे शिविर, अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण पर भी सख्ती

Sep 29, 2026 - 17:42
0
संभल में बाढ़ पीड़ितों के बनेंगे राशन कार्ड:प्रभावित इलाकों में लगेंगे शिविर, अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण पर भी सख्ती
सम्भल में बारिश और बाढ़ से प्रभावित परिवारों को खाद्यान्न योजना का लाभ दिलाने के लिए प्रशासन अब पात्र लाभार्थियों को चिन्हित कर राशन कार्ड उपलब्ध कराने की तैयारी में है। जिलाधिकारी ने पूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर शिविर लगाने और पात्र परिवारों को अंत्योदय व पात्र गृहस्थी राशन कार्ड का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। मंगलवार को 4 बजे जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी शिवि गर्ग ने राशन कार्ड सत्यापन, अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण और राशन दुकानों की रिक्तियों समेत विभिन्न बिंदुओं पर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। जिलाधिकारी ने राशन कार्ड सत्यापन के प्रथम, द्वितीय और तृतीय चरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए पात्र एवं अपात्र कार्डों की जानकारी ली। उन्होंने अपात्र पाए गए कार्डों को हटाने की कार्रवाई की भी जानकारी ली और लंबित सत्यापन जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। बैठक में अंत्योदय राशन कार्डों की रिक्तियों पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने हाल की बारिश और बाढ़ से फसलों को हुए नुकसान को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में शिविर आयोजित करने पर जोर दिया, ताकि वास्तविक रूप से पात्र परिवार सरकारी खाद्यान्न योजना से जुड़ सकें। वहीं अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण को लेकर भी जिलाधिकारी ने अधिकारियों को समयसीमा में काम पूरा कराने के निर्देश दिए। वर्ष 2023-24 और 2024-25 में स्वीकृत भवनों की विकासखंडवार समीक्षा में जिन स्थानों पर निर्माण शुरू नहीं हुआ है, वहां एक सप्ताह के भीतर काम शुरू कराने को कहा गया। अधूरे भवनों को भी शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए गए। जिन भवनों के लिए भूमि चिन्हित नहीं हुई है, वहां पूर्ति निरीक्षकों को एसडीएम और तहसीलदार से समन्वय कर भूमि चिन्हित कराने को कहा गया। जिला पूर्ति अधिकारी को 10 अक्टूबर तक निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर कमियां दूर कराने की जिम्मेदारी दी गई। इसके अलावा लंबित राशन दुकानों की रिक्तियों के प्रस्तावों की प्रक्रिया भी जल्द पूरी कराने के निर्देश दिए गए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User