सोनभद्र में बाल श्रम मुक्त अभियान चला:2 किशोर मिले, रॉबर्ट्सगंज और चुर्क मार्केट में टीम ने दुकानदारों को दी जानकारी

Sep 30, 2026 - 16:25
0
सोनभद्र में बाल श्रम मुक्त अभियान चला:2 किशोर मिले, रॉबर्ट्सगंज और चुर्क मार्केट में टीम ने दुकानदारों को दी जानकारी
सोनभद्र जनपद को बाल श्रम मुक्त बनाने के उद्देश्य से बुधवार को श्रम विभाग, एचटी, चाइल्ड हेल्पलाइन और चाइल्ड राइट्स एसोसिएट की संयुक्त टीम ने राबर्ट्सगंज और चुर्क बाजार क्षेत्र में जागरूकता एवं निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान दुकानदारों और प्रतिष्ठान संचालकों को बाल श्रम से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। अभियान के दौरान चुर्क बाजार में दो किशोर बाल श्रमिकों का चिन्हांकन किया गया। टीम ने बाजार में विभिन्न दुकानों और प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर संचालकों को बाल एवं किशोर श्रम निषेध अधिनियम के प्रावधानों से अवगत कराया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बच्चों को किसी भी प्रकार के श्रम में नियोजित करना कानूनन प्रतिबंधित है। वहीं किशोर श्रमिकों के नियोजन के लिए भी कानून में निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य है। चुर्क बाजार में मिले दोनों किशोरों के संबंध में टीम ने आवश्यक जानकारी जुटाई। अब नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। साथ ही संबंधित विभागों के समन्वय से किशोरों को शिक्षा और पुनर्वासन से जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी, ताकि उन्हें सुरक्षित वातावरण और बेहतर भविष्य का अवसर मिल सके। अभियान के दौरान टीम ने दुकानदारों और प्रतिष्ठान संचालकों से अपील की कि वे अपने यहां बच्चों और किशोरों को नियोजित न करें। किसी बच्चे से बाल श्रम कराए जाने की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित विभाग या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना देने को कहा गया। जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि बाल श्रम उन्मूलन अभियान के तहत जागरूकता, चिन्हांकन, रेस्क्यू, पुनर्वासन और बच्चों को शिक्षा से जोड़ने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। प्रशासन ने व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और आमजन से बाल श्रम मुक्त सोनभद्र के लक्ष्य में सहयोग करने की अपील की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User