सोनभद्र में महिला की मौत के मामले में जांच-समिति गठित:स्वास्थ्य विभाग ने 4 सदस्यीय समिति को सौंपी जांच, रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई

Oct 01, 2026 - 22:39
0
सोनभद्र में महिला की मौत के मामले में जांच-समिति गठित:स्वास्थ्य विभाग ने 4 सदस्यीय समिति को सौंपी जांच, रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के उरमौरा स्थित बनारस पाली हॉस्पिटल में उपचार के दौरान महिला मरीज रुक्मणी की मौत के मामले को स्वास्थ्य विभाग ने गंभीरता से लिया है। परिजनों की ओर से इलाज में लापरवाही के आरोप लगाए जाने के बाद विभाग ने चार सदस्यीय जांच समिति गठित की है। समिति को महिला के अस्पताल में भर्ती होने से लेकर उसकी मौत तक की पूरी चिकित्सकीय प्रक्रिया की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। 29 सितंबर को इलाज के दौरान हुई थी मौत जारी आदेश के अनुसार, रुक्मणी की 29 सितंबर 2026 को उपचार के दौरान मौत हुई थी। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में इलाज के दौरान लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध जताया था। मामला सामने आने पर स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सकीय प्रक्रिया और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कराने का निर्णय लिया। चार सदस्यीय समिति में शामिल किए गए डॉक्टर जांच के लिए गठित समिति में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. गुलाब शंकर को सदस्य बनाया गया है। इसके अलावा उपमुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कीर्ति आजाद बिंद, जिला संयुक्त चिकित्सालय के एनेस्थेटिस्ट डॉ. राजेश कुमार सिंह और सर्जन डॉ. अरविंद को शामिल किया गया है। इलाज से लेकर मौत तक की प्रक्रिया की होगी जांच समिति अस्पताल में महिला को दिए गए उपचार, चिकित्सकीय जांच, दवाओं और ऑपरेशन या अन्य आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रियाओं की पड़ताल करेगी। उपचार के दौरान निर्धारित मेडिकल प्रोटोकॉल का पालन हुआ या नहीं, इसकी भी जांच की जाएगी। इसके साथ ही महिला की हालत बिगड़ने के कारणों और उसकी मौत से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच होगी। जरूरत पड़ने पर संबंधित डॉक्टरों और अस्पताल के कर्मचारियों से भी जानकारी ली जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने समिति को पूरे प्रकरण की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि उपचार के दौरान किसी स्तर पर चिकित्सकीय लापरवाही हुई थी या नहीं। जांच के निष्कर्षों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User