उन्नाव में अवैध यूनिपोल पर होगी कार्रवाई, जांच के निर्देश:नगर पालिका की जमीन पर बिना अनुमति लगे यूनिपोल चिन्हित होंगे, वैध की भी जांच होगी
उन्नाव में अवैध होर्डिंग और यूनिपोल का मामला एक बार फिर सामने आया है। नगर पालिका क्षेत्रों के साथ पीडब्ल्यूडी की जमीन पर बिना अनुमति और मानकों के विपरीत यूनिपोल लगाए जाने की शिकायतें प्रशासन तक पहुंची हैं। इससे नगर निकायों को राजस्व के नुकसान के साथ जर्जर और मानकों के विपरीत लगे यूनिपोल से हादसे का खतरा भी बताया जा रहा है। डीएम घनश्याम मीना के निर्देश पर प्रशासन ने अब कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। एडीएम सुशील कुमार गोंड ने गुरुवार को बताया कि जिले में कुल 19 नगर निकाय हैं। इनमें उन्नाव सदर, गंगाघाट और बांगरमऊ तीन नगर पालिकाएं हैं। इन क्षेत्रों में अवैध यूनिपोल लगे होने की सूचना मिली है। संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर यूनिपोल और ऐसी होर्डिंग को चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं, जिनसे हादसे की आशंका है।
एडीएम के अनुसार, वैध बताए जा रहे यूनिपोल की भी अनुमति, टेंडर, उसकी अवधि और सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी। यदि किसी यूनिपोल की अनुमति की अवधि समाप्त हो चुकी है या वह निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही अवैध यूनिपोल और होर्डिंग हटाने की कार्रवाई की जाएगी। 2020 से चल रहा पत्राचार, कार्रवाई का दावा गंगाघाट नगर पालिका के अध्यक्ष प्रतिनिधि संदीप पांडे ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2020 में आरटीआई के जरिए यूनिपोल की वैधता की जानकारी मांगी थी। उनके अनुसार, उस समय पीडब्ल्यूडी ने बताया था कि सड़क किनारे लगे यूनिपोल विभाग ने नहीं लगाए हैं और न ही उनकी अनुमति दी गई है। ं संदीप पांडे के मुताबिक, इसके बाद नगर पालिका और पीडब्ल्यूडी से लगातार पत्राचार किया गया। उनका कहना है कि नगर पालिका के पत्र के जवाब में पीडब्ल्यूडी ने 10 नवंबर 2023 तक नगर पालिका से मिली अनुमति की जांच कर अवैध यूनिपोल हटाने की बात कही थी, लेकिन इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि 2 फरवरी 2026 को उन्नाव में एक यूनिपोल गिर गया था। इसके बाद अधिकारियों से फिर कार्रवाई की मांग की गई। संदीप पांडे के अनुसार, 1 सितंबर 2026 को प्रमुख सचिव पीडब्ल्यूडी को भी पत्र भेजकर जर्जर और बिना अनुमति लगे यूनिपोल हटाने की मांग की गई।
उनका दावा है कि गंगाघाट से मरहला चौराहे तक नगर पालिका क्षेत्र में करीब 30 यूनिपोल लगे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द कार्रवाई नहीं होने पर डीएम से मिलकर पूरे मामले में अब तक किए गए पत्राचार और दस्तावेज प्रस्तुत किए जाएंगे। प्रशासन की ओर से यूनिपोल की अनुमति, टेंडर, वैधता और सुरक्षा मानकों की जांच के निर्देश दिए जाने के बाद अब लंबे समय से चल रहे मामले में कार्रवाई की संभावना बढ़ गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)