सपा कार्यकर्ताओं ने CEC के पुतले को चप्पलों से पीटा:लखनऊ में कालिख पोती, बोले- 35 करोड़ वोट चोरी करके बनाई गई भाजपा की सरकार

Sep 28, 2026 - 14:57
0
सपा कार्यकर्ताओं ने CEC के पुतले को चप्पलों से पीटा:लखनऊ में कालिख पोती, बोले- 35 करोड़ वोट चोरी करके बनाई गई भाजपा की सरकार
लखनऊ में सोमवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हजरतगंज चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले पर कालिख पोती और उसे चप्पलों से पीटा। पुतला जलाने से पहले ही पुलिस ने उसे छीन लिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और नोकझोंक हुई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर कपड़े फाड़ने और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि 35 करोड़ से ज्यादा वोटों की चोरी कर अलग-अलग राज्यों और केंद्र में भाजपा की सरकार बनवाने में मदद की गई। उनका दावा है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और उनके इशारे पर चुनाव आयोग भाजपा के लिए काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र बचाने के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रहेगा। कार्यकर्ताओं के मुताबिक, ज्ञानेश कुमार के पुतले पर कालिख पोतकर उन्होंने अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन की 3 तस्वीरें देखिए… ‘विपक्ष ने पहले ही कहा था, वोट चोरी हो रही है’ प्रदर्शन में शामिल जीतू कश्यप ने कहा कि हमारे नेता अखिलेश यादव लंबे समय से वोट चोरी का मुद्दा उठा रहे हैं। हमने कई बार वोट चोरी के साक्ष्य भी दिए, फिर भी चुनाव आयोग ने इसका संज्ञान नहीं लिया। अब जिस तरह से एक अंग्रेजी अखबार ने चुनाव आयोग के पूरे चेहरे को बेनकाब किया है, इससे बिल्कुल स्पष्ट हो गया है कि चुनाव आयोग की मिलीभगत से ही भाजपा सरकार में आ रही है। अगर चुनाव आयोग ऐसा नहीं करता तो कभी भी भारतीय जनता पार्टी सत्ता में नहीं आती। ‘लोकतंत्र बचाने निकले हैं’ प्रदर्शन में शामिल अंकित यादव ने कहा कि आज हम लोग लोकतंत्र को बचाने के लिए सड़क पर उतरे हैं। मगर भाजपा के इशारे पर पुलिस वाले हमें गाली दे रहे हैं। हम पुलिस की दमनकारी कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं। जहां जरूरत होगी, वहां लोकतंत्र के लिए खून बहाएंगे। अब मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और पूरा चुनाव आयोग बेनकाब हो चुका है। 2027 में उत्तर प्रदेश की जनता इन्हें सबक सिखाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User