ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर शट दो मैचों के लिए बैन:प्रिस्क्रिप्शन दवा के गलत इस्तेमाल का मामला, शट ने माफी मांगी

Oct 22, 2026 - 12:46
0
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर शट दो मैचों के लिए बैन:प्रिस्क्रिप्शन दवा के गलत इस्तेमाल का मामला, शट ने माफी मांगी
ऑस्ट्रेलिया की तेज गेंदबाज मेगन शट को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने दो मैचों के लिए निलंबित किया है। उन्होंने प्रिस्क्रिप्शन दवा के इस्तेमाल से जुड़े नियमों का पालन नहीं किया था। यह घटना ऑस्ट्रेलियाई टीम के बांग्लादेश दौरे से पहले ऑफ पीरियड में हुई थी। दवा प्रदर्शन बढ़ाने वाली नहीं थी और मामला प्रतियोगिता से बाहर की अवधि का था। 33 साल की शट तीसरे T20I में न्यूजीलैंड के खिलाफ और WBBL में एडिलेड स्ट्राइकर्स के पहले मैच में नहीं खेलेंगी। स्ट्राइकर्स का मुकाबला शनिवार, 31 अक्टूबर को मेलबर्न स्टार्स से होगा। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने गुरुवार को जारी बयान में निलंबन की जानकारी दी। शट ने सजा स्वीकार कर ली है। दो मैचों का प्रतिबंध अंतरराष्ट्रीय और घरेलू, दोनों क्रिकेट पर लागू होगा। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का बयान क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कहा, “नियमों का उल्लंघन स्पोर्ट्स साइंस एंड स्पोर्ट्स मेडिसिन गाइडलाइंस के तहत प्रिस्क्रिप्शन दवा से जुड़ी जरूरतों का पालन नहीं करने के कारण हुआ।” बयान में कहा गया, “यह एक घटना से जुड़ा मामला है। यह प्रतियोगिता से बाहर की अवधि में हुआ और प्रदर्शन बढ़ाने के उद्देश्य से नहीं था।” क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कहा, “हम मेगन को जरूरी सहयोग देते रहेंगे। साथ ही, खेल का प्रतिनिधित्व करने वाले सभी लोगों से तय मानकों और जिम्मेदारियों का पालन करने की उम्मीद रखेंगे।” मेगन शट ने माफी मांगी शट ने अपने बयान में कहा, “मैं दी गई सजा को पूरी तरह स्वीकार करती हूं और अपने से तय मानकों का पालन नहीं कर पाने के लिए माफी मांगती हूं।” उन्होंने कहा, “इससे जो ध्यान आकर्षित हुआ, उसके लिए मुझे खेद है। मुझे मिले सहयोग की मैं सराहना करती हूं।” शट ने कहा, “यह घटना प्रतियोगिता से बाहर हुई और प्रदर्शन से जुड़ी नहीं थी। फिर भी, मैं समझती हूं कि स्पोर्ट्स साइंस एंड स्पोर्ट्स मेडिसिन गाइडलाइंस का पालन करना मेरी जिम्मेदारी है।” उन्होंने कहा, “खिलाड़ियों को इन गाइडलाइंस की नियमित जानकारी दी जाती है। मुझे भी इनका पालन करना चाहिए था।” दवा के इस्तेमाल को लेकर नियम व्यक्तिगत प्रिस्क्रिप्शन दवा का इस्तेमाल क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और एंटी-डोपिंग अथॉरिटी के नियमों के तहत कानूनी है। हालांकि, ऐसी दवाएं केवल व्यक्तिगत इस्तेमाल के लिए हों, इसे लेकर सख्त गाइडलाइंस हैं। जांच के दौरान शट ने चार मैच खेले थे। उन्होंने साउथ ऑस्ट्रेलिया के लिए WNCL मैच में 2 विकेट लेकर 49 रन दिए थे। इसके बाद बांग्लादेश के खिलाफ तीन वनडे में उन्होंने क्रमशः 2/19, 4/36 और 4/16 का प्रदर्शन किया। शट न्यूजीलैंड के खिलाफ रविवार और मंगलवार को हुए पहले दो T20I के लिए उपलब्ध थीं। हालांकि, उन्हें टीम में शामिल नहीं किया गया था। जांच पूरी होने के बाद शट ने दो मैचों की सजा स्वीकार की। वह यह प्रतिबंध उन अगले दो मैचों में पूरा करेंगी, जिनके लिए वह उपलब्ध होंगी। इनमें गुरुवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरा T20I और शनिवार, 31 अक्टूबर को मेलबर्न स्टार्स के खिलाफ एडिलेड स्ट्राइकर्स का शुरुआती WBBL मैच शामिल है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User