कुशीनगर में 15 बूथों पर होगा MLC चुनाव का मतदान:सुबह 8 से शाम 4 बजे तक होगी वोटिंग, 27 अक्टूबर को मतगणना
कुशीनगर में गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन खंड विधान परिषद सदस्य (शिक्षक एमएलसी) चुनाव के लिए गुरुवार को पोलिंग पार्टियों की रवानगी शुरू हो गई। जिले के 15 मतदान केंद्रों के लिए मतदान कर्मियों को चुनाव सामग्री के साथ रवाना किया गया। शुक्रवार सुबह 8 बजे से मतदान शुरू होगा। प्रशासन ने सुरक्षा और निगरानी की पूरी तैयारी कर ली है। जिले के 14 ब्लॉक और पडरौना नगरपालिका क्षेत्र में मतदान केंद्र बनाए गए हैं। शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी केंद्रों पर पुलिस बल तैनात है। प्रशासन ने सुरक्षा के साथ निगरानी के भी इंतजाम किए हैं। मतदान पारदर्शी बनाने के लिए सभी 15 केंद्रों पर वीडियोग्राफी होगी। चुनाव में 16 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदान के बाद मतपेटियां गोरखपुर विश्वविद्यालय में जमा होंगी, जहां 27 अक्टूबर को मतगणना होगी। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए छह जोनल, सात सेक्टर और 18 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात हैं। निगरानी के लिए गाड़ियां भी लगाई गई हैं। अपर जिलाधिकारी व उप जिला निर्वाचन अधिकारी पवन कुमार ने दैनिक भास्कर से बातचीत में बताया कि कुल 15 बूथ हैं, इसके सापेक्ष 17 टीम बनाई गई हैं । पीठासीन अधिकारियों के साथ टीमों को बूथों पर भेजने का काम शुरू है । कल मतदान के बाद टीम वापस कलेक्ट्रेट आएंगी और फिर एक बड़ी बस से सभी मतदान बक्सों को गोरखपुर विश्वविद्यालय में बने स्ट्रांग रुम में भेजकर जमा कराया जाएगा । उन्होंने बताया कि सभी बूथों पर मतदान के दृष्टिकोण से सभी व्यवस्था पूरी कर दी गई है । प्रशासन का फोकस मतदान निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरा कराने पर है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)