सुल्तानपुर में तेज रफ्तार रोडवेज बस ट्रक में घुसी:आधा दर्जन यात्री घायल, मेडिकल कॉलेज में भर्ती; डीएम-सीएमओ ने लिया इलाज का जायजा
सुल्तानपुर में लखनऊ-बलिया हाईवे पर सोमवार दोपहर तेज रफ्तार रोडवेज बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसा गोसाईंगंज थाना क्षेत्र में सैदपुर चीनी मिल के पास करीब 1 बजे हुआ। टक्कर के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। हादसे में कई यात्री घायल हुए, जिन्हें एंबुलेंस की मदद से राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। मामूली चोट वाले यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। जानकारी के अनुसार, रोडवेज बस स्टॉप से सवारियां लेकर अयोध्या जा रही थी। बस सैदपुर चीनी मिल के पास पहुंची तो सड़क किनारे एक ट्रक खड़ा था। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया। 4 घायलों का मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज हादसे में सूफिया बानो (8), पुत्री मो. आजाद, निवासी देवकली जयसिंहपुर; सोनल मिश्रा (23) और विभा मिश्रा (22), पुत्रियां स्व. इंद्र कुमार मिश्रा, निवासी चौरेबाजार; तथा आदित्य वर्मा (21), पुत्र रंजीत पांडेय बाबा, निवासी मोतिगरपुर का इलाज चल रहा है। वहीं, जिन यात्रियों को मामूली चोटें आई थीं, उनका प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। डीएम और सीएमओ ने अस्पताल पहुंचकर लिया जायजा हादसे की जानकारी मिलने के बाद डीएम इंद्रजीत सिंह और सीएमओ डॉ. भरत भूषण भी अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घायलों के उपचार की स्थिति की जानकारी ली। प्रशासन की ओर से डॉक्टरों को घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। बाकी यात्रियों को दूसरी बस से भेजा अयोध्या सीओ जयसिंहपुर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में तीन लोगों के चोटें आई थीं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। उनकी स्थिति सामान्य है। बस में सवार बाकी यात्रियों को दूसरी बस से अयोध्या रवाना कर दिया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)