सुल्तानपुर पहुंचे सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल:बोले- ईवीएम से जीतकर ईवीएम को हराएंगे, चुनाव आयोग की ‘चोरी’ खुल गई
सुल्तानपुर में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल मंगलवार को सुल्तानपुर के कादीपुर पहुंचे। यहां उन्होंने महापंचायत और कार्यकर्ता सम्मेलन में हिस्सा लिया। शाम करीब 4 बजे मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के बाद मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने ईवीएम, चुनाव आयोग और पीडीए को लेकर अपनी पार्टी का पक्ष रखा। श्याम लाल पाल ने कहा, “हमारी लड़ाई ये है कि ईवीएम से जीतकर हम लोग ईवीएम को हराएंगे।” उन्होंने ईवीएम में कथित धांधली का आरोप लगाते हुए कहा कि इसे रोका जाना चाहिए और ईवीएम को हटाया जाना चाहिए। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर उन्होंने कहा कि “चुनाव आयोग की चोरी खुल गई है।” उन्होंने दावा किया कि आयोग में ज्ञानेश कुमार के साथ रहे लोगों ने भी यह स्पष्ट कर दिया है कि उनका विचार लोकतंत्र की हत्या के लिए था। ज्ञानेश कुमार वर्तमान में भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त हैं। बिहार, बंगाल और यूपी उपचुनाव का उठाया मुद्दा सपा प्रदेश अध्यक्ष ने बिहार, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के विधानसभा उपचुनावों का जिक्र करते हुए चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी हथकंडों के जरिए लोकतंत्र को प्रभावित किया गया और सत्ता पक्ष के प्रत्याशियों को जिताया गया। उन्होंने कहा कि सरकार चुनाव लड़ रही है और ज्ञानेश कुमार ने सरकार का साथ दिया। उन्होंने दावा किया कि जनता इसे स्वीकार नहीं करेगी। ‘पीडीए परिवार में पीड़ित और अपमानित लोग भी’ पीडीए के नारे पर श्याम लाल पाल ने कहा कि पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक के साथ-साथ पीड़ित, दुखी और अपमानित लोग भी पीडीए परिवार का हिस्सा हैं। उन्होंने दावा किया कि यह परिवार लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों और व्यवस्था से लोगों को पीड़ा, दर्द और उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है। कानून व्यवस्था पर भी सरकार को घेरा कानून व्यवस्था को लेकर उन्होंने सुल्तानपुर में शिक्षक परिवार के दंपती की हत्या का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि समाज के अलग-अलग वर्गों के लोग पीड़ित हैं। मीडिया, किसान, व्यापारी, डॉक्टर और इंजीनियर समेत कई वर्गों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ये सभी पीडीए के साथ हैं। सम्मेलन में ये नेता रहे मौजूद कार्यक्रम में सपा सांसद राम भुआल निषाद, पूर्व विधायक भगेलू राम, जिलाध्यक्ष रघुवीर यादव, जिला महासचिव सलाउद्दीन, प्रदेश सचिव तेजिंदर सिंह बग्गा और भीम निषाद समेत पार्टी के अन्य नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)