स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर कार्रवाई होगी:मथुरा में सीडीओ ने दिए निर्देश, शत-प्रतिशत टीकाकरण पर जोर

Sep 30, 2026 - 18:38
0
स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर कार्रवाई होगी:मथुरा में सीडीओ ने दिए निर्देश, शत-प्रतिशत टीकाकरण पर जोर
मथुरा में बुधवार शाम करीब 4:30 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में ओपीडी, आईपीडी, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे, पैथोलॉजी, जननी सुरक्षा योजना, जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम, बाल स्वास्थ्य, परिवार नियोजन, राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, एंबुलेंस सेवा, नियमित टीकाकरण, जन्म-मृत्यु पंजीकरण और आयुष्मान भारत योजना सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने सरकारी अस्पतालों में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों के परिजनों के बैठने के लिए कुर्सी-बेंच, पेयजल, आरओ एवं ठंडे पानी तथा गर्मी के मौसम में पंखों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सभी चिकित्साधिकारी निर्धारित समय पर अस्पताल में उपस्थित रहें। मरीजों को तत्काल गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जाए। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने पात्र लाभार्थियों को भुगतान समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गर्भवती महिलाओं की समुचित देखभाल, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने और नवजात शिशुओं की नियमित निगरानी पर जोर दिया गया। पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने, आभा आईडी जनरेट करने तथा 108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं को निर्धारित समय में मरीजों तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में नियमित टीकाकरण की शत-प्रतिशत कवरेज और सभी रिकॉर्ड ऑनलाइन अपडेट करने को कहा गया। आशा कार्यकत्रियों के माध्यम से मातृ-शिशु स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की समीक्षा में बताया गया कि 3 अगस्त से 17 सितंबर तक जनपद ने लक्ष्य के सापेक्ष 101.3 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की और राज्य में चौथा स्थान प्राप्त किया। सीडीओ ने स्वास्थ्य, शिक्षा, आईसीडीएस, अल्पसंख्यक विभाग समेत अभियान से जुड़े सभी अधिकारियों, वैक्सीनेटर, एएनएम, आशा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा लाभार्थी बालिकाओं और उनके अभिभावकों को बधाई दी। इसके बाद अक्टूबर माह में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। सीडीओ ने माइक्रोप्लान के अनुसार गतिविधियां कराने,ई-कवच पोर्टल पर डाटा शत-प्रतिशत अपडेट करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में नालियों की सफाई, लार्वानाशक दवा का छिड़काव,झाड़ियों की कटाई और फॉगिंग कराने के निर्देश दिए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User