स्वच्छता ही सेवा अभियान में सफाई के लिए उमड़ा जनसैलाब:'एक दिन, एक घंटा, एक साथ' अभियान में जुटे 1000 युवा, मेयर और नगर आयुक्त ने लगाई झाड़ू
स्वच्छता संकल्प अभियान और स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत केंद्रीय अभियान 'स्वच्छता ही सेवा' के तहत नगर निगम बरेली ने 'एक दिन, एक घंटा, एक साथ' महाभियान का आयोजन किया। इस मेगा स्वच्छता अभियान में कॉलेज के विद्यार्थियों और शहरवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। 1,000 से अधिक युवाओं और आम नागरिकों ने हाथों में झाड़ू थामकर स्वच्छ और सुंदर बरेली के संकल्प को मजबूती दी। स्वच्छता संकल्प अभियान और स्वच्छ सर्वेक्षण से जुड़ी देखे कुछ PHOTOS…. अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने संभाला मोर्चा
महापौर डॉ. उमेश गौतम, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य (IAS), अपर नगर आयुक्त शशि भूषण राय (PCS), एसबीएम आईईसी टीम और नगर निगम के अन्य अधिकारियों ने युवाओं के साथ मिलकर सफाई अभियान का नेतृत्व किया। अधिकारियों ने खुद कचरा उठाकर और झाड़ू लगाकर आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया और जनभागीदारी बढ़ाने का संदेश दिया। सफाई के साथ फिटनेस: युवाओं ने किया जुम्बा डांस
अभियान को युवाओं के बीच ऊर्जावान और आकर्षक बनाने के लिए खास जुम्बा डांस और फिटनेस एक्टिविटी रखी गई। फिटनेस और मनोरंजन के इस संगम में छात्र-छात्राओं के साथ अधिकारियों ने भी ताल मिलाई। जुम्बा के जरिए यह संदेश दिया गया कि स्वस्थ शरीर और स्वच्छ परिवेश दोनों ही जीवन के लिए बेहद जरूरी हैं। नुक्कड़ नाटक: कचरा पृथक्करण और प्लास्टिक बैन पर चोट
कलाकारों ने जीवंत नुक्कड़ नाटक का मंचन कर शहरवासियों को स्वच्छता का पाठ पढ़ाया। नाटक के माध्यम से चार प्रकार के कचरे के पृथक्करण (गीला, सूखा, घरेलू हानिकारक और सेनेटरी वेस्ट), सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध और नागरिकों की व्यक्तिगत जिम्मेदारी को प्रभावी अंदाज में पेश किया गया। सड़क पर उतरी टीम: एक साथ उठाया झाड़ू
'एक दिन, एक घंटा, एक साथ' के आह्वान पर महापौर, नगर निगम टीम, कॉलेज छात्रों और नागरिकों ने सामूहिक रूप से महा सफाई अभियान चलाया। सभी ने मिलकर सार्वजनिक स्थलों से कचरा हटाया और शहर को साफ रखने में अपनी भागीदारी निभाई। स्वच्छता शपथ: प्लास्टिक मुक्त बरेली का लिया संकल्प
कार्यक्रम के समापन पर महापौर डॉ. उमेश गौतम ने सभी प्रतिभागियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उपस्थित लोगों ने कचरे का सही निस्तारण करने, सिंगल यूज़ प्लास्टिक का बहिष्कार करने और बरेली को स्वच्छ व स्वस्थ बनाए रखने का संकल्प दोहराया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)