ताजमहल में लगे 'राधे-राधे कमल खिलादे' के नारे:वीडियो किया वायरल, ASI ने दर्ज कराई रिपोर्ट, कहा यह जानबूझ कर किया गया
ताजमहल परिसर में राजनीतिक और धार्मिक नारेबाजी का वीडियो सामने आने के बाद स्मारक की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। विश्व धरोहर सप्ताह के पहले दिन बृहस्पतिवार को भाजपा ब्रज क्षेत्र पिछड़ा मोर्चा के सोशल मीडिया प्रभारी राजेश राठौर का 34 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें वे ताजमहल को तेजो महल बताते हुए 'राधे-राधे कमल खिला दे' का चुनावी नारा लगाते नजर आ रहे हैं। वीडियो के अंत में उन्होंने जय श्रीराम का उद्घोष भी किया। मामले में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने ताजगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। वीडियो राजेश राठौर ने अपने फेसबुक अकाउंट पर साझा किया था। इसमें वे ब्रज क्षेत्र की भूमि का जिक्र करते हुए मतदाताओं को संबोधित कर रहे हैं। पुलिस के सक्रिय होने के बाद उन्होंने फेसबुक से पोस्ट हटा दी। राजेश राठौर का कहना था कि गलती से बोल गए थे। उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी। उन्होंने ताज सुरक्षा पुलिस को भी इसकी जानकारी दे दी थी। बृहस्पतिवार को विश्व धरोहर सप्ताह की शुरुआत के मौके पर ताजमहल में पर्यटकों का प्रवेश निशुल्क था। इस कारण परिसर में भारी भीड़ मौजूद थी। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार ताजमहल परिसर में किसी भी तरह की राजनीतिक गतिविधि, प्रचार और नारेबाजी प्रतिबंधित है। ऐसे में परिसर के अंदर इस तरह का वीडियो बनाए जाने से सुरक्षा व्यवस्था और नियमों के पालन पर सवाल उठ रहे हैं। एसीपी ताज सुरक्षा यतेंद्र नागर ने बताया कि वीडियो ताजमहल परिसर का है। मामले में एएसआई और सीआईएसएफ की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, एएसआई की अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. स्मिता कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। यह कृत्य जानबूझकर किया गया है। ताजगंज थाने में एएसआई के संरक्षण सहायक की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)