तेज बारिश से 6 भाइयों का मकान ढहा:डेढ़ लाख की भैंस व 2 बछड़ों की मौत; 5 भाई-बहन बाल-बाल बचे, 3.5 लाख का नुकसान
संभल में शनिवार दोपहर करीब 12 बजे तेज बारिश के बीच एक मकान का पिछला हिस्सा भरभराकर गिर गया। मलबे में दबकर करीब डेढ़ लाख रुपए कीमत की दुधारू भैंस समेत 2 बछड़ों की मौत हो गई। हादसे में दो भैंस और तीन बकरी घायल हुई हैं। करीब 50 हजार रुपए का भूसा भी खराब हो गया। परिवार ने हादसे में 3 लाख रुपए से ज्यादा के नुकसान का दावा किया है। पशु बांधने वाले हिस्से में दबे जानवर हादसा जिला मुख्यालय बहजोई से करीब 32 किलोमीटर दूर चंदौसी तहसील के बनियाठेर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर बाबई गांव में हुआ। शाकिर पुत्र साबिर की करीब डेढ़ लाख रुपए कीमत की दुधारू भैंस मलबे में दबकर मर गई। उसकी दो अन्य भैंस और एक बकरी घायल हुई है। यासीन पुत्र साबिर अली की भैंस के बछड़े की मौत हो गई, जबकि भैंस और एक बकरी घायल हुई है। नजर मोहम्मद पुत्र साबिर अली के भी एक लावारे की मौत हुई और एक भैंस व एक बकरा घायल हुआ है। मोहम्मद सालिम के पशु भी हादसे में प्रभावित हुए हैं। मकान गिरने की आवाज सुनकर बाहर निकले मकान की पिछली दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर परिवार के लोग घर से बाहर आ गए। नजर मोहम्मद के बेटे भूरा (18), अनस (16), फिदा हुसैन (14), बेटी मेहराज (20) और नजीर (13) दीवार गिरने से बाल-बाल बच गए। 6 भाइयों का था मकान शाकिर ने बताया कि यह मकान छह भाइयों का है। मकान के जिस हिस्से में दीवार गिरी, वहां सभी भाइयों के पशु बांधे जाते थे। उन्होंने बताया कि उनकी करीब डेढ़ लाख रुपए कीमत की दुधारू भैंस की मौत हुई है। अन्य पशु भी हादसे में मारे और घायल हुए हैं। उनके मुताबिक, कुल नुकसान 3 लाख रुपए से अधिक का है। प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिलने का आरोप शाकिर ने बताया कि परिवार ने कई बार ग्राम प्रधान से प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की थी, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि अगर पक्का मकान होता तो यह हादसा नहीं होता। तहसील प्रशासन को दी गई सूचना ग्राम प्रधान प्रशासक नाजिम अली ने बताया कि मकान गिरने की सूचना तहसील चंदौसी प्रशासन को दे दी गई है। बारिश अधिक होने के कारण अभी कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंच सका है। उन्होंने कहा कि नियमानुसार पीड़ित परिवार को जो भी सरकारी मदद संभव होगी, वह दिलाई जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)