ट्रम्प का फाइटिंग कंपनी चीफ को प्रवक्ता बनने का ऑफर:कहा- अपने फाइटर्स को साथ लेकर आना, ताकि पागल लेफ्ट से हमारी रक्षा कर सकें
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अपने दोस्त और UFC (अल्टीमेट फाइटिंग चैंपियनशिप) के प्रमुख डाना व्हाइट को व्हाइट हाउस का प्रेस सेक्रेटरी बनने का ऑफर दिया है। ट्रम्प ने डाना व्हाइट से कहा कि वे अपने साथ कुछ UFC फाइटर्स को भी असिस्टेंट बनाकर ला सकते हैं। उन्होंने लिखा, ‘हमें इन लोगों की जरूरत है, ताकि वे पागल लेफ्ट से हमारी रक्षा कर सकें।’ डाना व्हाइट शनिवार को लंदन में एक बॉक्सिंग इवेंट में शामिल होने पहुंचे थे। यहां प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उनसे ट्रम्प के ऑफर के बारे में पूछा गया। उन्होंने बताया कि वह लंदन से सीधे वॉशिंगटन जाएंगे और सोमवार को राष्ट्रपति से मिलेंगे। ट्रम्प और UFC चीफ की दोस्ती काफी पुरानी ट्रम्प और डाना व्हाइट की दोस्ती काफी पुरानी है। राजनीति में आने से पहले ट्रम्प ने UFC को अपने होटल और प्रॉपर्टी में फाइटिंग इवेंट आयोजित कराने की इजाजत दी थी। उस समय कई लोग इस खेल की आलोचना करते थे। इसके बदले डाना व्हाइट कई बार ट्रम्प के समर्थन में खुलकर बोल चुके हैं। रिपब्लिकन नेशनल कन्वेंशन में भी उन्होंने ट्रम्प के पक्ष में भाषण दिया था। डाना व्हाइट ने भी माना कि कई बार उन्हें खुद यकीन नहीं होता कि उनका खेल इस स्तर तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि कभी-कभी वह सोचते हैं कि मैं आखिर करता क्या हूं? क्योंकि आज दुनिया का सबसे ताकतवर व्यक्ति खुद UFC का सबसे बड़ा प्रमोटर बन चुका है। 33 साल पहले UFC की शुरुआत हुई अल्टीमेट फाइटिंग चैम्पियनशिप (UFC) दुनिया की सबसे बड़ी मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) संस्था है। इसकी शुरुआत 1993 में अमेरिका में हुई थी। उस समय अलग-अलग मार्शल आर्ट्स के लोग दावा करते थे कि उनकी तकनीक सबसे खतरनाक है। कोई बॉक्सिंग को सबसे बेहतर मानता था, कोई कराटे को, तो कोई कुश्ती या जिउ-जित्सु को। इसी बहस को असली मुकाबले में बदलने का आइडिया UFC बना। पहले टूर्नामेंट में जिउ-जित्सु का इस्तेमाल करने वाले रॉयस ग्रेसी की जीत हुई। ग्रेसी बाकी फाइटर्स जितने ताकतवर या भारी-भरकम नहीं दिखते थे, लेकिन उन्होंने बड़े-बड़े बॉक्सर और कराटे फाइटर्स को जमीन पर गिराकर सबमिशन से हरा दिया। बाद में खेल बदला और लोग जीतने के लिए बॉक्सिंग, कुश्ती, जूडो, कराटे, ताइक्वांडो, जिउ-जित्सु और किकबॉक्सिंग जैसी कई फाइटिंग तकनीकों का तकनीकों का इस्तेमाल करने लगे। चुनाव में हार के बाद ट्रम्प प्रशासन में बदलाव ट्रम्प का यह ऑफर ऐसे समय आया है, जब उनके प्रशासन में बड़े बदलाव हो रहे हैं। मंगलवार को हुए मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को भारी नुकसान हुआ। डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों ने उन इलाकों में भी जीत दर्ज की, जहां दशकों से रिपब्लिकन पार्टी का दबदबा था। इन नतीजों के बाद रिपब्लिकन पार्टी ने अमेरिकी संसद के दोनों सदनों पर नियंत्रण खो दिया। शुक्रवार को ट्रम्प ने अपने लंबे समय से सलाहकार रही सूसी वाइल्स को हटाकर स्टीफन मिलर को अगला चीफ ऑफ स्टाफ बनाने का ऐलान किया। सूसी वाइल्स को ट्रम्प के फैसलों पर लगाम लगाने वाली सलाहकार के तौर पर देखा जाता था। वहीं, स्टीफन मिलर ट्रम्प प्रशासन की सख्त आव्रजन नीतियों के प्रमुख रणनीतिकार हैं। वह राष्ट्रपति के सबसे करीबी सहयोगियों में शामिल हैं। 5 दिन में ही छोड़ना पड़ा नई प्रेस सेक्रेटरी को पद डाना व्हाइट को ऑफर देने से पहले ट्रम्प ने केटी जकारिया को प्रेस सेक्रेटरी की जिम्मेदारी दी थी। हालांकि, पत्रकारों के सामने अपनी पहली और इकलौती प्रेस कॉन्फ्रेंस में वह असहज नजर आईं। इसके पांच दिन बाद ही उन्होंने पद छोड़ दिया। इससे पहले कैरोलिन लेविट अगस्त के आखिर में यह पद छोड़ चुकी थीं। उनके जाने के बाद से व्हाइट हाउस में प्रेस सेक्रेटरी का पद खाली था। फिलहाल ट्रम्प के पास कोई मुख्य प्रवक्ता नहीं है। ट्रम्प और डाना व्हाइट की पुरानी दोस्ती ट्रम्प और डाना व्हाइट के बीच लंबे समय से दोस्ती है। जनवरी 2025 में दोबारा राष्ट्रपति बनने के बाद ट्रम्प कई UFC मुकाबलों में व्हाइट के साथ शामिल हो चुके हैं। जून में ट्रम्प ने अमेरिका की आजादी के 250 साल पूरे होने और अपने 80वें जन्मदिन के मौके पर व्हाइट और UFC को व्हाइट हाउस के साउथ लॉन में आमंत्रित किया था। इस दौरान व्हाइट हाउस के पास एक खास ऑक्टागन बनाया गया था। यह आठ कोनों वाला रिंग होता है, जिसमें UFC के मुकाबले होते हैं। इसके ऊपर 'द क्लॉ' नाम का अंतरिक्ष यान जैसा दिखने वाला विशाल धातु का ढांचा बनाया गया था। इसमें लाइट, साउंड सिस्टम और बड़ी स्क्रीन लगाई गई थीं। कार्यक्रम के बाद डाना व्हाइट ने कहा था, 'यह शानदार अनुभव था। ऐसा आयोजन पहले कभी नहीं हुआ था।' डाना व्हाइट 2016, 2020 और 2024 में रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रीय सम्मेलनों में भी भाषण दे चुके हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)