वोट बचाने की लड़ाई दिल्ली से लड़ेगी कांग्रेस:रैली की तैयारी तेज, एक नवंबर को रामलीला मैदान में जुटेंगे कांग्रेस कार्यकर्ता

Oct 25, 2026 - 17:43
0
वोट बचाने की लड़ाई दिल्ली से लड़ेगी कांग्रेस:रैली की तैयारी तेज, एक नवंबर को रामलीला मैदान में जुटेंगे कांग्रेस कार्यकर्ता
दिल्ली के रामलीला मैदान में एक नवंबर को होने वाली ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली के लिए कांग्रेस ने अयोध्या में तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को कमला नेहरू भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में राष्ट्रीय पर्यवेक्षक मलेंद्र राजन और प्रदेश पर्यवेक्षक एवं पूर्व मंत्री नकुल दुबे ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। उन्होंने रैली में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संगठन को सक्रिय करने पर जोर दिया। मतदाता अधिकारों को बनाएंगे मुद्दा हिमाचल प्रदेश की इंदौरा विधानसभा सीट से विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि कांग्रेस देशभर में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान चला रही है। अयोध्या में संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे एक नवंबर को दिल्ली पहुंचकर रैली को सफल बनाएं। पूर्व मंत्री नकुल दुबे ने कहा कि लोकतंत्र में मताधिकार की रक्षा और मतदाता सूची की पारदर्शिता महत्वपूर्ण है। कांग्रेस इन मुद्दों को जनता के बीच उठा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान का संदेश जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। अयोध्या से भागीदारी बढ़ाने पर जोर जिला कांग्रेस अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर कार्यकर्ता रैली की तैयारियों में जुटे हैं। अयोध्या से अधिक से अधिक कांग्रेसजनों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए समन्वय किया जा रहा है। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि वार्ड अध्यक्षों, पदाधिकारियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को रैली की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने की जिम्मेदारी दी जा रही है। बैठक में पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह ने अतिथियों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। संचालन जिला कांग्रेस प्रवक्ता शीतला पाठक ने किया। इस दौरान पूर्व विधायक माधव प्रसाद, रामसागर रावत, बसंत मिश्रा, नाजिश फातिमा, अशोक सिंह, विजय श्रीवास्तव, हरजीत सिंह सलूजा, विवेक प्रताप शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User