व्यापारी नेता ने विधायक काे लिखा पत्र:नवाबगंज क्षेत्र के गांवों में मोबाइल चिकित्सालय शुरू करने की मांग
बरेली जनपद के नवाबगंज–बरखन मार्ग पर अप्सरा नदी पर बने पुल के क्षतिग्रस्त होने से सैकड़ों गांवों के हजारों ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसको लेकर राष्ट्र जागरण उद्योग व्यापार मंडल, नवाबगंज के तहसील अध्यक्ष एवं व्यापारी नेता राजीव गुप्ता ने नवाबगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. एम.पी. आर्य को प्रार्थना पत्र लिखकर प्रभावित क्षेत्र में हृदय रोग संबंधी आपातकालीन सुविधाओं से युक्त मोबाइल चिकित्सालय एवं एम्बुलेंस की तत्काल व्यवस्था कराने की मांग की है। राजीव गुप्ता ने विधायक से मांग की है कि जब तक क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर वैकल्पिक पुल अथवा सुचारु आवागमन की व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों में हृदय रोग संबंधी प्राथमिक उपचार, ईसीजी, ऑक्सीजन एवं अन्य आवश्यक आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित मोबाइल चिकित्सालय और एम्बुलेंस की तत्काल व्यवस्था कराई जाए। राजीव गुप्ता ने अपने पत्र में बताया कि नवाबगंज–बरखन मार्ग पर अप्सरा नदी पर बना पुल जर्जर एवं क्षतिग्रस्त होने से बंद कर दिया है। क्षेत्र के सैकड़ों गांवों के नागरिकों को चिकित्सा, प्रशासनिक एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए लगभग 20 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि जिन ग्रामीणों को पहले नवाबगंज पहुंचने में मात्र 15 से 20 मिनट लगते थे, उन्हें अब वैकल्पिक मार्गों से आने-जाने में लगभग एक से डेढ़ घंटे का अतिरिक्त समय लग रहा है। वैकल्पिक मार्गों की खराब स्थिति और वाहनों की धीमी गति ने ग्रामीणों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं। व्यापारी नेता राजीव गुप्ता ने पत्र में विशेष रूप से हार्ट अटैक, सड़क दुर्घटना, प्रसव एवं अन्य आपातकालीन चिकित्सा परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में एक-एक मिनट अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। अस्पताल पहुंचने में होने वाली देरी किसी भी मरीज के जीवन के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)