यूपी बोर्ड परीक्षा 2027:छात्रों के विवरण में सुधार का मौका:10वीं-12वीं के छात्र 6 अक्टूबर तक, 9वीं-11वीं के छात्र 8 अक्टूबर तक कर सकेंगे संशोधन
प्रयागराज यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए जरूरी खबर है। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने कक्षा 10 और 12 के विद्यार्थियों के शैक्षिक विवरणों की जांच और उनमें संशोधन के लिए 1 से 6 अक्टूबर तक का समय दिया है। वहीं, कक्षा 9 और 11 के विद्यार्थियों के विवरणों की जांच भी इसी अवधि में होगी। माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह की ओर से 1 अक्टूबर को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, शैक्षिक सत्र 2026-27 के कक्षा 9 और 11 के विद्यार्थियों के साथ परीक्षा वर्ष 2027 के कक्षा 10 और 12 के संस्थागत एवं व्यक्तिगत विद्यार्थियों के शैक्षिक विवरण 30 सितंबर तक परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड कराए जा चुके हैं। कक्षा 10 और 12 के विद्यार्थियों की चेकलिस्ट परिषद के पोर्टल से डाउनलोड कर स्कूलों के प्रधानाचार्य उनके विवरणों की जांच करेंगे। यदि किसी विद्यार्थी के नाम, जन्मतिथि या अन्य शैक्षिक विवरण में गलती मिलती है तो उसे 6 अक्टूबर की मध्यरात्रि 12 बजे तक संशोधित किया जा सकेगा। वहीं, कक्षा 9 और 11 के विद्यार्थियों के विवरणों की जांच के लिए भी 1 से 6 अक्टूबर तक का समय निर्धारित किया गया है। हालांकि, इस दौरान उनके विवरणों में संशोधन नहीं किया जा सकेगा। कक्षा 9 और 11 के विद्यार्थियों के विवरणों में संशोधन के लिए 5 से 8 अक्टूबर की मध्यरात्रि 12 बजे तक का समय दिया गया है। परिषद ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर विद्यार्थियों के शैक्षिक विवरणों की जांच और जरूरी संशोधन की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। इससे परीक्षा के लिए ऑनलाइन दर्ज विवरणों में गलतियों को समय रहते ठीक किया जा सकेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)