यूपी बोर्ड परीक्षा-2027 में अपार आईडी अनिवार्य:अंबेडकरनगर के 461 स्कूलों में तैयारी तेज, कक्षा 9वीं-11वीं के अग्रिम पंजीकरण जरूरी

Oct 02, 2026 - 09:02
0
यूपी बोर्ड परीक्षा-2027 में अपार आईडी अनिवार्य:अंबेडकरनगर के 461 स्कूलों में तैयारी तेज, कक्षा 9वीं-11वीं के अग्रिम पंजीकरण जरूरी
अम्बेडकरनगर में यूपी बोर्ड परीक्षा-2027 में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए अपार आईडी अनिवार्य कर दी गई है। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के ऑनलाइन परीक्षा आवेदन पत्र में विद्यार्थियों की अपार आईडी दर्ज करना जरूरी किया है। इसके साथ ही कक्षा नौवीं और 11वीं के अग्रिम पंजीकरण में भी अपार आईडी का उल्लेख करना होगा। बोर्ड के निर्देश के बाद जिले के माध्यमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों की अपार आईडी तैयार कराने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। जिले में 32 राजकीय, 60 अशासकीय सहायता प्राप्त और 369 वित्तविहीन विद्यालय हैं। इस तरह कुल 461 माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की अपार आईडी बनवाने की जिम्मेदारी संबंधित विद्यालयों को दी गई है। बोर्ड सचिव की ओर से जारी निर्देश के बाद प्रधानाचार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत विद्यार्थियों की आईडी तैयार कराने का काम समय से पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। डिजिटल शैक्षणिक पहचान बनेगी अपार आईडी अपार आईडी विद्यार्थियों की स्थायी डिजिटल शैक्षणिक पहचान के रूप में काम करेगी। इसके माध्यम से विद्यार्थियों के शैक्षणिक अभिलेख केंद्रीय डिजिटल प्लेटफार्म पर सुरक्षित रखे जा सकेंगे। उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश और नौकरी के दौरान दस्तावेजों के सत्यापन में भी इसका उपयोग किया जा सकेगा। विद्यार्थियों के अंकपत्र और प्रमाणपत्रों को डिजीलॉकर खाते से लिंक करने की सुविधा भी मिलेगी। इससे प्रमाणपत्र खोने या खराब होने पर दस्तावेजों के लिए होने वाली परेशानी कम होगी। जिले में पिछले वर्ष कक्षा एक से 12 तक कुल 4,29,786 विद्यार्थी पंजीकृत थे। इनमें करीब 1.41 लाख विद्यार्थी परिषदीय विद्यालयों के थे। परिषदीय विद्यालयों में विद्यार्थियों की अपार आईडी तैयार कराने का काम लगभग पूरा हो चुका है। अब माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की आईडी तैयार कराने पर जोर दिया जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User