यूपी में दिन में बढ़ेगा तापमान, रात में बढ़ेगी ठंड:अगले 3 दिन में रात का पारा 3 डिग्री तक गिरेगा, नवंबर में सामान्य से ज्यादा बारिश के आसार
उत्तर प्रदेश में तीन दिन लगातार बारिश के बाद मौसम ने करवट ले ली है। सोमवार सुबह वाराणसी, गोरखपुर और देवरिया समेत 10 से ज्यादा शहरों में घना कोहरा छाया रहा। बारिश थमने के बाद दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। अगले दो से तीन दिनों में रात का तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा पड़ने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल प्रदेश में बारिश का कोई बड़ा दौर आने की संभावना नहीं है। नवंबर में पूर्वी यूपी में सामान्य या उससे ज्यादा बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिमी यूपी में सामान्य से कम वर्षा के आसार हैं। मौसम के इस बदलाव को देखते हुए किसानों को रबी फसलों की बुवाई और सिंचाई में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। बारिश का दौर थमा, अब शुष्क रहेगा मौसम मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, चक्रवाती तूफान अर्णब के अवशेष कमजोर होकर निष्प्रभावी हो गए हैं। इसके चलते प्रदेश में व्यापक बारिश का दौर थम गया है। आने वाले दिनों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। वहीं, चक्रवाती तूफान मुरासू का उत्तर प्रदेश में कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। नवंबर में पूर्वांचल में बारिश के आसार मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, नवंबर में पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकतर इलाकों में सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है। इसके उलट पश्चिमी यूपी में सामान्य से कम वर्षा होने का अनुमान है। पूर्वांचल में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य या सामान्य से कुछ कम रह सकता है। वहीं, पश्चिमी यूपी में तापमान सामान्य से अधिक रहने के आसार हैं। रबी फसलों की बुवाई में सावधानी बरतें किसान नवंबर में बारिश की संभावना को देखते हुए किसानों को रबी फसलों की बुवाई और सिंचाई में सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। खासकर पूर्वांचल में गेहूं, चना, मटर और सरसों की बुवाई के दौरान खेतों में जल निकासी की व्यवस्था रखें। निचले खेतों में पानी भरने से फसलों को नुकसान हो सकता है। जिन खेतों में बारिश के कारण पर्याप्त नमी है, वहां अनावश्यक सिंचाई न करें। बुवाई और सिंचाई का फैसला मौसम और मिट्टी की नमी को ध्यान में रखकर करें। फसल नुकसान का आकलन कर तत्काल मुआवजा देने के निर्देश अतिवृष्टि और चक्रवाती तूफान अर्णब से फसलों को हुए नुकसान पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि सभी डीएम फील्ड में उतरकर तत्काल फसल क्षति का आकलन कराएं। मुख्यमंत्री ने प्रभावित किसानों को मुआवजा देने में देरी न करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि फसल का नुकसान निर्धारित मुआवजे के दायरे से अधिक है, तो भी किसानों को राहत देने के लिए जरूरी कार्रवाई की जाए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)