दिवाली बाद न्यू कानपुर सिटी योजना की मिलेंगी सौगात:CM योगी से लॉन्चिंग की तैयारी, पहले फेज में 597 प्लॉट, जानें कीमत
कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) की आवासीय योजना न्यू कानपुर सिटी को लॉन्च करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। योजना की लॉन्चिंग के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आएंगे। केडीए के अफसर सीएम से समय मांग रहे हैं। दिवाली के बाद योजना की लॉन्चिंग होने की संभावना है। वहीं, योजना में लोग 40 से 42 हजार रुपए वर्गगज में प्लॉट खरीद सकेंगे। फिलहाल प्लॉट की कॉस्टिंग प्रक्रिया अंतिम चरण में है। 1996 में शुरू हुई थी योजना की कवायद मैनावती मार्ग से सिंहपुर और सिंहपुर से कल्याणपुर के बीच न्यू कानपुर सिटी बसाने की योजना साल 1996 में शुरू हुई थी। यह योजना बेरी अकबरपुर कछार, गंगपुर चकबदा, सिंहपुर कछार, हिंदूपुर और संभरपुर गांव की जमीन पर विकसित की जा रही है। करीब 450 एकड़ में प्रस्तावित यह योजना जमीन अधिग्रहण और मुआवजे के विवादों के कारण लंबे समय तक अटकी रही। किसानों के विरोध के चलते मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा। इस दौरान कई केडीए उपाध्यक्ष बदल गए, लेकिन योजना लॉन्च नहीं हो सकी। अब करीब 70 प्रतिशत जमीन का अधिग्रहण पूरा होने के बाद यूपी रेरा ने पहले फेज को मंजूरी दे दी है। पहले फेज में 597 आवासीय प्लॉट इस योजना के पहले फेज को 55.59 एकड़ जमीन पर विकसित किया जाएगा। इसमें कुल 597 आवासीय प्लॉट होंगे। इनमें 162 वर्गमीटर के 269 और 90 वर्गमीटर के 255 प्लॉट शामिल हैं। इसके अलावा एलआईजी श्रेणी के 47.50 वर्गमीटर के 50 और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के 36 वर्गमीटर के 23 प्लॉट रखे गए हैं। अभी से प्लॉट के रेट और साइज पूछ रहे लोग न्यू कानपुर सिटी लॉन्च होने से पहले ही केडीए में प्लॉट को लेकर पूछताछ शुरू हो गई है। बड़ी संख्या में लोग प्लॉट की कीमत, साइज और आवंटन प्रक्रिया की जानकारी लेने पहुंच रहे हैं। अफसरों का कहना है कि योजना में प्लॉट ई-ऑक्शन के जरिए आवंटित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री से समय मिलने के बाद लॉन्चिंग की तारीख तय की जाएगी। पार्क, बाजार और पुलिस थाना जैसी भी सुविधाएं न्यू कानपुर सिटी को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा। पहले फेज में 12.95 एकड़ ग्रीन एरिया, 21.77 एकड़ आवासीय क्षेत्र और 11.57 एकड़ सामुदायिक सुविधाओं के लिए जमीन निर्धारित है। दुकानों और डिपार्टमेंटल स्टोर के लिए 0.57 एकड़, जबकि सड़कों के लिए 8.74 एकड़ जमीन रखी गई है। जलापूर्ति, सीवरेज सिस्टम और पुलिस थाने जैसी सुविधाओं का भी प्रावधान है। केडीए यहां 75 करोड़ रुपए से विकास कार्य शुरू करा चुका है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)