118 क्रय-केंद्रों पर 12 दिन में 18 किसानों से खरीद:गोंडा में 98 केंद्रों पर नहीं खुला खाता; 1100 किसानों का सत्यापन अटका

Nov 13, 2026 - 11:10
0
118 क्रय-केंद्रों पर 12 दिन में 18 किसानों से खरीद:गोंडा में 98 केंद्रों पर नहीं खुला खाता; 1100 किसानों का सत्यापन अटका
गोंडा में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) योजना के तहत धान खरीद की शुरुआत दो नवंबर से हो चुकी है, लेकिन 12 दिन बाद भी खरीद की रफ्तार बेहद धीमी है। शुक्रवार सुबह 10:30 बजे तक जिले के 118 क्रय केंद्रों में से सिर्फ 20 केंद्रों पर 18 किसानों से धान खरीदा जा सका है। वहीं, 98 केंद्रों पर अभी तक बोहनी भी नहीं हुई है। खरीद में सुस्ती को लेकर अधिकारियों ने केंद्र प्रभारियों को फटकार लगाई है और तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। धान खरीद की धीमी रफ्तार की सबसे बड़ी वजह किसानों के सत्यापन में देरी बताई जा रही है। आंकड़ों के मुताबिक, धान बेचने के लिए अब तक 1700 से अधिक किसानों ने पंजीकरण कराया है। इनमें से करीब 600 किसानों का ही सत्यापन पूरा हो सका है। शेष 1100 से अधिक किसानों का सत्यापन अब भी लंबित है। जिन किसानों का सत्यापन हो चुका है, उनके विवरण में भी कई तरह की खामियां सामने आ रही हैं। इसके चलते किसान अपनी उपज सरकारी केंद्रों पर नहीं बेच पा रहे हैं। वहीं, रबी सीजन में गेहूं की बुवाई के लिए किसानों को पैसों की जरूरत है। पांच एजेंसियों के 118 केंद्रों पर होनी है खरीद जिले में धान खरीद के लिए पांच एजेंसियों के कुल 118 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। इनमें खाद्य विभाग के 24, पीसीएफ के 17, पीसीयू के 48, यूपीएसएस के 22 और मंडी परिषद के तीन केंद्र शामिल हैं। अब तक सिर्फ तीन एजेंसियों के केंद्रों पर ही खरीद शुरू हो सकी है। पीसीएफ और मंडी परिषद के केंद्रों पर अभी तक खरीद का खाता भी नहीं खुला है। ऐसे में किसानों को सरकारी केंद्रों पर धान बेचने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। कमिश्नर और डीएम ने दिए गांवों में जागरूकता के निर्देश धान खरीद में सुस्ती को देखते हुए अधिकारियों ने सभी केंद्र प्रभारियों को फटकार लगाई है। कमिश्नर और डीएम ने भी संबंधित अधिकारियों को गांव-गांव जाकर किसानों को सरकारी क्रय केंद्रों पर धान बेचने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा है। सत्यापन में तकनीकी समस्या, जल्द दूर होगी: डीएफएमओ जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी एनके पाठक ने बताया कि विभाग की ओर से लगातार गांवों में जाकर किसानों को जागरूक किया जा रहा है। अधिकारी और कर्मचारी भी इस काम में लगे हैं, लेकिन किसान धान बेचने के लिए केंद्रों पर नहीं पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि सत्यापन प्रक्रिया में कुछ तकनीकी समस्याएं आ रही हैं, जिन्हें दूर किया जा रहा है। अब तक 20 क्रय केंद्रों पर खरीद हो चुकी है। इसका विवरण जल्द ही पोर्टल पर दिखाई देने लगेगा। सभी केंद्रों पर भी जल्द खरीद शुरू करा दी जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User