काशी में छठ पर ‘मिनी बिहार’ का नजारा:घाटों पर VVIP कल्चर! पुलिस, DM ऑफिस और SHO के नाम से हुई घाटों की छेकाई
काशी में छठ महापर्व की रौनक छाने लगी है। गंगा के घाटों से लेकर वरुणा के तट तक आस्था का सैलाब उमड़ने को तैयार है। छठ पर्व पर काशी में मिनी बिहार जैसा नजारा देखने को मिल रहा है। कहीं महिलाएं वेदियां तैयार कर रही हैं तो कहीं पूजा के लिए घाटों पर अपनी जगह पक्की करने की होड़ मची है। लेकिन इस बार घाट छेकाई के बीच एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने आस्था के बीच VVIP कल्चर की चर्चा छेड़ दी है। वरुणा किनारे स्थित शास्त्री घाट पर कुछ लोगों ने पूजा के लिए जगह आरक्षित करने के दौरान बाकायदा पेंट से पुलिस, डीएम ऑफिस और एसएचओ जैसे पदनाम लिख दिए हैं। यानी घाट पर पूजा की जगह के लिए भी सरकारी रुतबे का इस्तेमाल होता दिखाई दे रहा है। घाटों पर इस तरह पदनाम लिखकर जगह घेरने की तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी इसकी खूब चर्चा हो रही है। नहाय-खाय के साथ महापर्व का आगाज, घाटों पर उमड़ी आस्था चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ हो गई। पहले दिन व्रती महिलाएं स्नान के बाद शुद्ध शाकाहारी भोजन ग्रहण करती हैं। परंपरा के अनुसार लौकी की सब्जी, चने की दाल और चावल बनाया जाता है। इसके साथ ही घाटों पर वेदियां बनाने और पूजा की तैयारियों का सिलसिला भी तेज हो गया है। दूसरे दिन शनिवार को खरना होगा। इस दिन व्रती दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को गुड़ की खीर, रोटी और फल ग्रहण करेंगी। इसके बाद करीब 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत होगी। तीसरे दिन रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि चौथे दिन सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा। 28 साल से छठ कर रहीं लीला वती, बोलीं- छठी मैया पूरी करती हैं मनोकामना घाट पर वेदी बनाने पहुंचीं लीला वती ने बताया कि वह पिछले 28 वर्षों से छठ का व्रत करती आ रही हैं। संतान की लंबी उम्र, परिवार की सुख-समृद्धि और पति की सलामती की कामना के लिए वह पूरी श्रद्धा से यह कठिन व्रत रखती हैं। उनका कहना है कि छठी मैया पर अटूट विश्वास है। सच्चे मन से पूजा करने पर माता सभी मनोकामनाएं पूरी करती हैं। उन्होंने बताया कि छठ के दौरान काशी के घाटों का नजारा अद्भुत हो जाता है। हर तरफ भक्ति, आस्था और छठी मैया के गीत सुनाई देते हैं। 84 घाटों पर उमड़ेगा आस्था का सैलाब, पहले ही शुरू हुई जगह की बुकिंग पूजा के लिए घाट की जगह आरक्षित करने पहुंचे आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि छठ के दिन काशी के सभी 84 घाटों पर भारी भीड़ उमड़ती है। हर घाट पर व्रती महिलाएं अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देती हैं। ऐसे में पूजा के लिए उचित जगह मिलना मुश्किल हो जाता है। इसी वजह से लोग पहले से ही घाटों पर पहुंचकर वेदी बनाने और अपनी जगह तय करने में जुट जाते हैं। छठ की खासियत: न पंडित, न मंत्र, फिर भी पूरा समाज एक घाट पर छठ महापर्व की सबसे बड़ी विशेषता इसकी लोकपरंपरा और समानता का संदेश है। इस पूजा में किसी विशेष कर्मकांड या पंडित की अनिवार्यता नहीं होती। जाति, वर्ग और अमीरी-गरीबी का भेद मिटाकर हर कोई एक ही घाट पर सूर्यदेव को अर्घ्य देता है। प्रसाद भी बिना किसी भेदभाव के एक-दूसरे को बांटा जाता है। ठेकुआ, केला, सिंघाड़ा, नारियल, अदरक, हल्दी, शकरकंद और मौसमी फलों से सजे सूप छठ की परंपरा को खास बनाते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)