नेशनल हेराल्ड केस में चार्जशीट के बाद कांग्रेस का केंद्र पर हमला, बताया 'राजनीतिक उत्पीड़न'

दि  राइजिंग न्यूज।  नेशनल हेराल्ड मनी लॉन्ड्रिंग केस में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी, सैम पित्रोदा, सुमन दुबे और अन्य के खिलाफ दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की है। इस मामले में ED पहले ही 64 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां जब्त कर चुकी है। कोर्ट में चार्जशीट पर सुनवाई की तारीख 25 अप्रैल तय की गई है।

नेशनल हेराल्ड केस में चार्जशीट के बाद कांग्रेस का केंद्र पर हमला, बताया 'राजनीतिक उत्पीड़न'

दि  राइजिंग न्यूज। 

नेशनल हेराल्ड मनी लॉन्ड्रिंग केस में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी, सैम पित्रोदा, सुमन दुबे और अन्य के खिलाफ दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की है। इस मामले में ED पहले ही 64 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां जब्त कर चुकी है। कोर्ट में चार्जशीट पर सुनवाई की तारीख 25 अप्रैल तय की गई है।

चार्जशीट दाखिल होने के बाद कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा, "नेशनल हेराल्ड की संपत्तियों की जब्ती कानून का मुखौटा ओढ़कर किया गया एक राज्य प्रायोजित अपराध है। यह प्रधानमंत्री और गृहमंत्री द्वारा की जा रही बदले की राजनीति और डराने की कोशिश है। कांग्रेस और उसका नेतृत्व इस उत्पीड़न के सामने चुप नहीं बैठेगा। सत्यमेव जयते!"

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ ने भी ईडी की कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना बताया। उन्होंने कहा, "संपत्तियों की जब्ती और आरोपपत्र दाखिल करना राजनीतिक उत्पीड़न है। कांग्रेस पार्टी और जनता राहुल गांधी के साथ खड़ी है।"

पार्टी का कहना है कि राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर केंद्र सरकार इस प्रकार के 'अलोकतांत्रिक हमले' कर रही है। कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा, "इस मामले में कोई ठोस कानूनी आधार नहीं है। यह पूरी तरह से राजनीतिक प्रतिशोध है, और हम इसका हर पहलू से विरोध करेंगे।"

कांग्रेस सांसद कुंवर दानिश अली ने कहा कि यह सरकार की विफलताओं को छिपाने की एक साजिश है। "हम कोर्ट में इन धमकियों का जवाब देंगे। कांग्रेस और उसके कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं," उन्होंने कहा।

कुल मिलाकर कांग्रेस ने इस कार्रवाई को "सरकारी दबाव में की गई उत्पीड़न की कार्रवाई" करार देते हुए कहा कि वह हर स्तर पर इसका मुकाबला करेगी।