ईरान-इजरायल संघर्ष : सीजफायर के बावजूद तेहरान पर मिसाइल हमला, ट्रंप बोले- 'मैंने मना किया था!'
दि राइजिंग न्यूज। तेहरान। 24 जून, 2025 । ईरान और इजरायल के बीच घोषित सीजफायर एक बार फिर नाकाम साबित हुआ है। सीजफायर के कुछ ही घंटों बाद इजरायल ने तेहरान के पास स्थित एक रडार साइट पर मिसाइल हमला कर दिया। इजरायल ने इसे ईरान द्वारा पहले दागी गई बैलिस्टिक मिसाइलों के जवाब में की गई “सीमित जवाबी कार्रवाई” बताया है।
दि राइजिंग न्यूज। तेहरान। 24 जून, 2025 ।
ईरान और इजरायल के बीच घोषित सीजफायर एक बार फिर नाकाम साबित हुआ है। सीजफायर के कुछ ही घंटों बाद इजरायल ने तेहरान के पास स्थित एक रडार साइट पर मिसाइल हमला कर दिया। इजरायल ने इसे ईरान द्वारा पहले दागी गई बैलिस्टिक मिसाइलों के जवाब में की गई “सीमित जवाबी कार्रवाई” बताया है।
इजरायल का जवाब: हमला जरूरी था
अमेरिकी मीडिया हाउस Axios के अनुसार, इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस स्थिति में हमला टालना संभव नहीं था। नेतन्याहू ने कहा, "हम हमलों को नहीं रोक सकते। जब ईरान संघर्षविराम तोड़ता है, तो पलटवार जरूरी हो जाता है।"
तेहरान के पास रडार साइट तबाह
इजरायली आर्मी रेडियो की पुष्टि के मुताबिक, इस हवाई हमले में तेहरान के पास एक ईरानी रडार बेस को निशाना बनाया गया। वहीं, ईरानी समाचार एजेंसियों मिजान और शरघ ने दावा किया है कि उत्तरी ईरान के बाबोलसर शहर पर भी हमला हुआ है।
ट्रंप की नाराजगी: "बम मत गिराओ" कहा था
व्हाइट हाउस लॉन पर मीडिया से बातचीत के दौरान ट्रंप बेहद गुस्से में नजर आए। उन्होंने कहा कि "ये लोग इतने लंबे समय से लड़ रहे हैं कि अब इन्हें खुद नहीं पता कि क्यों लड़ रहे हैं।" ट्रंप ने यह भी कहा कि उन्होंने इजरायल से साफ शब्दों में कहा था कि "बम मत गिराओ, अपने पायलट वापस बुलाओ।" लेकिन इसके बावजूद हमला हुआ, जिससे वे नाराज हैं।
ईरान की धमकी: 'ये शुरुआत है'
इस हमले के बाद ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने चेतावनी दी है कि “जवाब जल्द आएगा और यह पहले से कहीं अधिक विनाशकारी होगा।” ईरानी प्रवक्ता ने कहा, “यह कोई चेतावनी नहीं, बल्कि एक शुरुआत है।”
क्षेत्र में तनाव चरम पर
संघर्षविराम के बावजूद इस प्रकार की कार्रवाइयों ने पूरे मध्य पूर्व में तनाव और युद्ध के हालात को और बढ़ा दिया है। अमेरिका, यूरोप और संयुक्त राष्ट्र की नजर इस टकराव पर बनी हुई है।