इजरायल का करारा वार: ईरान की कुद्स फोर्स का हथियार कमांडर बेहनाम शहरियारी ढेर
दि राइजिंग न्यूज। तेल-अवीव। 21 जून, 2025 । इजरायल ने एक बार फिर ईरान को बड़ा झटका दिया है। हालिया हवाई हमले में ईरान की कुद्स फोर्स की हथियार आपूर्ति इकाई का प्रमुख कमांडर बेहनाम शहरियारी मारा गया। जानकारी के अनुसार, यह हमला उस समय हुआ जब शहरियारी पश्चिमी ईरान में कार चला रहा था। यह इलाका इजरायली सीमा से 1,000 किलोमीटर दूर स्थित है।
दि राइजिंग न्यूज। तेल-अवीव। 21 जून, 2025 ।
इजरायल ने एक बार फिर ईरान को बड़ा झटका दिया है। हालिया हवाई हमले में ईरान की कुद्स फोर्स की हथियार आपूर्ति इकाई का प्रमुख कमांडर बेहनाम शहरियारी मारा गया। जानकारी के अनुसार, यह हमला उस समय हुआ जब शहरियारी पश्चिमी ईरान में कार चला रहा था। यह इलाका इजरायली सीमा से 1,000 किलोमीटर दूर स्थित है।
आईडीएफ (इजरायली डिफेंस फोर्स) के अनुसार, शहरियारी आतंकवादी संगठनों को हथियार पहुंचाने वाले नेटवर्क का मुख्य संचालक था। वह हिज़्बुल्ला, हमास और हूती जैसे आतंकी संगठनों को रॉकेट और मिसाइलों की आपूर्ति करता था, जिनका इस्तेमाल इजरायल पर हमलों में किया गया।
इतना ही नहीं, बेहनाम शहरियारी हर साल करोड़ों डॉलर की राशि भी इन संगठनों तक पहुंचाता था। वह यह रकम तुर्की और लेबनान में स्थित अपने नेटवर्क, शेल कंपनियों, हवाला ऑपरेटरों और तस्करों के जरिये भेजता था।
एक दिन में दो बड़ी हिट्स
इजरायली सेना ने इसी दिन ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) की कुद्स फोर्स के फिलिस्तीनी डिवीजन के प्रमुख सईद इजादी को भी निशाना बनाकर मार गिराया। इजादी को ईरानी शहर क़ुम में एक अपार्टमेंट पर हमले के दौरान ढेर किया गया।
इजरायल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज़ ने कहा, "सईद इजादी वही व्यक्ति था जिसने 7 अक्तूबर 2023 को हमास के नरसंहार से पहले उन्हें हथियार और पैसे मुहैया कराए थे। यह हमारी खुफिया और वायुसेना की एक बड़ी सफलता है।"
उन्होंने यह भी जोड़ा, "इज़रायल की लंबी बांह अब उसके हर दुश्मन तक पहुंचेगी। यह न्याय है उन सभी इजरायली नागरिकों के लिए जो मारे गए या बंधक बनाए गए।"