आगरा में शौच के लिए गई बच्ची नाले में समाई:15 फीट गहरे नाले में डूबकर मौत, शव रखकर ग्रामीणों ने किया हंगामा
आगरा के थाना निबोहरा क्षेत्र के गांव बिलईपुरा में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। शौच के लिए खेतों की ओर गई पांच वर्षीय किशोरी की नाले में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वहीं गुस्साए परिजन और ग्रामीण बच्ची का शव लेकर नाले के पास पहुंच गए और नाला खुलवाने की मांग पर अड़ गए। सहेलियों के साथ गई थी परी, पैर फिसलने से गिरी
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव बिलईपुरा निवासी श्रीभगवान पुत्र कालीचरण की पुत्री परी (5) बुधवार सुबह पड़ोस की अंशू (4), काजल (6) और मोहिनी (5) के साथ गांव से करीब 200 मीटर दूर खेतों की ओर गई थी। इसी दौरान अचानक परी का पैर फिसल गया और वह करीब 15 फीट गहरे नाले में गिरकर डूब गई। साथ गई तीनों बच्चियां किसी तरह दौड़कर गांव पहुंचीं और परिजनों को घटना की जानकारी दी। पानी पर उतराती मिली परी, अस्पताल में मृत घोषित
सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। परी नाले में पानी पर उतराती मिली। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शव रखकर किया हंगामा, नाला खुलवाने की मांग
इसके बाद परिजन बच्ची का शव लेकर नाले के पास पहुंच गए। सूचना पर निबोहरा पुलिस, नायब तहसीलदार विशेष कुमार और भाजपा नेता महेंद्र वर्मा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों और पुलिस ने परिजन व ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण नाला खुलवाने की मांग पर अड़े रहे। ग्रामीणों का आरोप: चमरौली के पास बंद किया नाला
मृतका के पिता श्रीभगवान और ग्रामीणों का आरोप है कि चमरौली गांव के पास ग्रामीणों ने नाले को बंद कर दिया है। इससे पानी का निकास रुक गया और नाले में जलभराव बढ़ गया। इसी कारण यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार को भी गांव के तीन-चार बच्चे नाले में गिर गए थे, जिन्हें वहां मौजूद किसानों ने बचा लिया था। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक नाला नहीं खुलवाया जाएगा, तब तक बच्ची के शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)