गलत ब्लड ग्रुप चढ़ाने से बच्चे को कैंसर का आरोप:मऊ में कोर्ट के आदेश पर दो डॉक्टरों के खिलाफ केस दर्ज
मऊ में गलत ब्लड ग्रुप का खून चढ़ाने से बच्चे को ब्लड कैंसर होने का आरोप लगाते हुए दो डॉक्टरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। मंगलवार शाम कोर्ट के आदेश पर नगर कोतवाली पुलिस ने विवान चाइल्ड केयर के डॉ. विवेक सिंह और डॉ. संजय सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। परिवार ने इलाज में लापरवाही, जातिसूचक शब्द कहने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बच्चे का ब्लड ग्रुप ओ, चढ़ा दिया बी ग्रुप का खून सरायलखंसी थाना क्षेत्र के डुमरांव निवासी शकुंतला देवी के मुताबिक, उनके पोते अभिनव की तबीयत खराब होने पर 11 नवंबर 2024 को उसे विवान चाइल्ड केयर में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान खून की जरूरत पड़ने पर शारदा नारायण अस्पताल के ब्लड बैंक से रक्त मंगाया गया। परिवार का आरोप है कि बच्चे का ब्लड ग्रुप ओ होने के बावजूद उसे बी ग्रुप का खून चढ़ा दिया गया। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। एसजीपीजीआई में जांच के दौरान मिला ब्लड कैंसर परिजनों के मुताबिक, 31 जनवरी 2025 को बच्चे की तबीयत दोबारा खराब हुई तो उसे विवान चाइल्ड केयर में भर्ती कराया गया। डॉक्टर ने इलाज करने में असमर्थता जताते हुए 3 फरवरी को उसे डिस्चार्ज कर दिया। इसके बाद परिवार 20 फरवरी 2025 को बच्चे को लखनऊ के संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) ले गया। वहां जांच में बी-एक्यूट लिम्फोब्लास्टिक ल्यूकेमिया यानी ब्लड कैंसर के एक प्रकार की पुष्टि हुई। तब से बच्चे की कीमोथेरेपी चल रही है। शिकायत वापस न लेने पर घर पहुंचने का आरोप शकुंतला देवी ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, पुलिस अधीक्षक और मुख्यमंत्री से शिकायत की थी। आरोप है कि शिकायत वापस नहीं लेने पर 10 अक्टूबर 2025 को दोनों डॉक्टर उनके घर पहुंचे। वहां जातिसूचक शब्द कहकर गाली-गलौज की और शिकायत बंद नहीं करने पर जिंदा दफन कराने की धमकी दी। कोर्ट के आदेश पर दोनों डॉक्टरों पर केस परिवार का कहना है कि पुलिस से शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद शकुंतला देवी ने कोर्ट में याचिका दाखिल की। कोर्ट के आदेश पर मंगलवार शाम नगर कोतवाली पुलिस ने दोनों डॉक्टरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस अब इलाज में कथित लापरवाही और धमकी देने समेत सभी आरोपों की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)