आजमगढ़ में पुलिस मुठभेड़, गो तस्करी का आरोपी गिरफ्तार:तीन अन्य सहयोगियों को भी पुलिस ने पकड़ा, प्रतिबंधित पशुओं का करते थे वध
आजमगढ़ जिले के जीयनपुर थाना क्षेत्र के जोलहापुर गांव के पास शुक्रवार की भोर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में सालिम नामक अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से तीन अन्य अभियुक्तों को भी गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस, दो प्रतिबंधित पशु (गाय) और एक बछड़ा जीवित बरामद किया गया। इस बात की पुष्टि क्षेत्राधिकारी सगड़ी देशराज सिंह ने की है। शुक्रवार की सुबह करीब 4:20 बजे क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि जोलहापुर के पास कुछ लोग प्रतिबंधित पशुओं को चोरी से पकड़कर उनका वध करने और मांस की बिक्री व परिवहन की तैयारी में हैं। प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की कंट्रोल फायरिंग में हुई गिरफ्तारी
पुलिस की चेतावनी के बावजूद दोबारा फायरिंग का प्रयास करने पर पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सालिम के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस टीम ने घायल समेत चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सालिम (24) पुत्र इसरार निवासी अशरफपुर, नौशाद (53) पुत्र खुर्शीद निवासी चांदपार, सोहराब (22) पुत्र ईसराइल और अदनान (18) पुत्र खालिद निवासी अशरफपुर, थाना जीयनपुर के रूप में हुई है। घायल सालिम को उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। आरोपियों के कब्जे से एक .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा पशुओं को ले जाने में प्रयुक्त अर्टिगा कार (यूपी 80 डीपी 0117), सुपर स्प्लेंडर बाइक (यूपी 50 डीपी 8806) तथा पशु कटान में इस्तेमाल होने वाले चापड़, चाकू, लकड़ी के ठीहे, तराजू समेत अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं। प्रतिबंधित पशुओं का करते थे वध
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे आवारा प्रतिबंधित पशुओं को चिह्नित कर चोरी से पकड़ते थे और सुनसान स्थानों पर ले जाकर उनका वध करते थे। इसके बाद मांस की बिक्री या उपभोग करते थे। पुलिस की निगरानी से बचने के लिए वे बार-बार स्थान बदलते थे और पशुओं के अवशेष नदी-नालों या सिवान में फेंक देते थे अथवा जमीन में गाड़ देते थे। गिरफ्तार आरोपी नौशाद का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ जीयनपुर और गंभीरपुर थानों में चोरी, मारपीट, धमकी और सड़क दुर्घटना से संबंधित तीन मुकदमे दर्ज हैं। चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)