लव मैरिज के बाद विवाहिता को प्रताड़ित करने का आरोप:पति-ससुराल वालों पर FIR, सिगरेट से जलाने और 8 लाख रुपए लेने की शिकायत

Nov 20, 2026 - 09:44
0
लव मैरिज के बाद विवाहिता को प्रताड़ित करने का आरोप:पति-ससुराल वालों पर FIR, सिगरेट से जलाने और 8 लाख रुपए लेने की शिकायत
हाथरस महिला थाने में एक विवाहिता की शिकायत पर उसके पति और ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। गुरुवार रात दर्ज रिपोर्ट में महिला ने मारपीट करने, सिगरेट से जलाने और 8 लाख रुपये व गहने हड़पने के आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पहली शादी टूटने के बाद युवक से हुई बातचीत शिकायत के मुताबिक, महिला की पहली शादी ऐसे व्यक्ति से हुई थी, जो स्मैक का आदी था और उसके साथ मारपीट करता था। महिला और उसके पिता ने शादी में खर्च हुई रकम को लेकर पूर्व पति से विवाह खत्म कराया। महिला का दावा है कि उसे पूर्व ससुराल से 8 लाख रुपये नकद और पूरा स्त्रीधन मिला था। महिला ने बताया कि करीब एक साल बाद उसकी बातचीत सासनी कोतवाली क्षेत्र के एक युवक से हुई। युवक ने बताया था कि आगरा में उसका मकान है। दोनों ने 7 अगस्त 2022 को आगरा में प्रेम विवाह कर लिया। महिला के मुताबिक, शादी के दो महीने बाद उसे पता चला कि आगरा स्थित मकान किराये का था। देह व्यापार के लिए दबाव बनाने का आरोप महिला का आरोप है कि पति उसे हाथरस ले गया। वहां घर में अनजान लोगों का आना-जाना रहता था और पति रोज नई लड़कियों को घर लाता था। शिकायत में महिला ने पति और सास पर देह व्यापार करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। उसके मुताबिक, मना करने पर ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना शुरू कर दी। कमरे में बंद कर पीटने और सिगरेट से जलाने का आरोप महिला के मुताबिक, एक रात पति, देवर, सास, दोनों ननदों और ससुर ने कमरे की कुंडी बंद कर दी। आरोप है कि उन्होंने उसे निर्वस्त्र कर पीटा और शरीर को सिगरेट से जलाया। महिला ने बताया कि वह बेहोश हो गई तो आरोपी उसे मरा समझकर वहां से चले गए। शिकायत के अनुसार, महिला ने अपनी आपबीती एक अन्य महिला को बताई। उस महिला ने उसकी मदद की और उसे वहां से निकलवाया। महिला ने ससुराल वालों पर 8 लाख रुपये नकद और गहने लेने का भी आरोप लगाया है। महिला थाना पुलिस ने पति और ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User