आवास का झांसा देकर बुजुर्ग से एक लाख ठगे:महराजगंज में 3 गिरफ्तार; बदले में दिया था 2 लाख का फर्जी चेक
महराजगंज में बुजुर्ग से एक लाख रुपए ठगने के आरोप में पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार दोपहर करीब 4 बजे निचलौल पुलिस, एसओजी, स्वाट और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम के साथ कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से 25,200 रुपए नकद, पंजाब नेशनल बैंक के चार चेक, एक मोबाइल फोन और फर्जी नंबर प्लेट लगी पल्सर मोटरसाइकिल मिली है। तीनों आरोपी बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के रहने वाले हैं।
14 अक्टूबर को निचलौल थाना क्षेत्र के पतौना गांव निवासी दशरथ सिंह एसबीआई की निचलौल शाखा से अपने खाते से एक लाख रुपए निकालकर घर जा रहे थे। कटरा चौराहे के पास आरोपियों ने उन्हें आवास का पैसा दिलाने का झांसा दिया।
आरोपियों ने दशरथ सिंह को बातों में उलझाकर एक लाख रुपए ले लिए और बदले में दो लाख रुपए का फर्जी चेक दिया। उनकी शिकायत पर निचलौल थाने में केस दर्ज हुआ था। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी।
सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। शुक्रवार, 30 अक्टूबर को संयुक्त टीम ने टिकुलहिया पुल के पास से कृष्णा श्रीवास्तव, संजय पटेल और मंगल यादव को गिरफ्तार किया।
जांच में पता चला कि आरोपी घुघली थाना क्षेत्र में भी इसी तरह की टप्पेबाजी कर चुके हैं। कृष्णा श्रीवास्तव और मंगल यादव का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।
एसपी शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में हुई कार्रवाई में निचलौल प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र राय, स्वाट प्रभारी आशीष सिंह, एसओजी प्रभारी योगेश सिंह और पुलिस व सर्विलांस सेल की टीम शामिल रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)