पत्नी से विवाद के बाद युवक ने फांसी-लगाकर दी जान:बच्चों को लेकर चली गई थी मायके, वापस नहीं आने से परेशान था

Oct 30, 2026 - 18:09
0
पत्नी से विवाद के बाद युवक ने फांसी-लगाकर दी जान:बच्चों को लेकर चली गई थी मायके, वापस नहीं आने से परेशान था
कानपुर देहात में शुक्रवार सुबह आम के पेड़ से एक युवक का शव साड़ी के सहारे लटका मिला। मृतक की पहचान 30 वर्षीय मुकेश कुशवाहा पुत्र स्वर्गीय रामप्रकाश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पत्नी से विवाद और उसके दो महीने पहले घर छोड़कर चले जाने के बाद से मुकेश परेशान था। करवा चौथ पर भी पत्नी के वापस न आने से उसकी परेशानी बढ़ गई थी। घटना जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर सिकंदरा थाना क्षेत्र के बालकृष्ण की मड़ैया गांव की है। जानकारी के मुताबिक, मुकेश करीब 10 साल पहले बिहार से सरिता से शादी करके उसे गांव लाया था। दोनों के एक बेटा आयुष और एक बेटी पलक हैं। करीब दो महीने पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद सरिता दोनों बच्चों को बिहार स्थित मायके भेजकर कानपुर नगर में किराए पर रहने लगी और एक फैक्ट्री में दिहाड़ी मजदूरी करने लगी। बताया जा रहा है कि मुकेश शराब का आदी था। वह धीरे-धीरे अपनी जमीन बेच रहा था, जिसको लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। मंगलवार शाम मुकेश चेन्नई से गांव लौटा था। करवा चौथ से एक दिन पहले फोन पर पत्नी से उसकी कहासुनी भी हुई थी। आरोप है कि इसके बाद उसने घर में रखा पत्नी का कुछ सामान निकालकर जला दिया और कहीं चला गया। आम के पेड़ पर लटका मिला शव शुक्रवार सुबह करीब सात बजे ग्रामीणों ने गांव के पास आम के पेड़ पर साड़ी के सहारे मुकेश का शव लटका देखा। सूचना पर सिकंदरा थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचायतनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पत्नी भी गांव पहुंच गई। थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User