अखिलेश बोले, किसानों को लागत भी नहीं मिल पा रही:धान किसानों को प्रति क्विंटल 1 हजार रुपए तक का हो रहा है नुकसान
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर किसानों की उपेक्षा और शोषण का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन महंगाई बढ़ने से किसानों की आय आधी भी नहीं रह गई है। खाद, बीज, कीटनाशक और डीजल के दाम बढ़ने से खेती घाटे का सौदा बन गई है। किसानों को अपनी फसल की लागत तक नहीं मिल पा रही है। अखिलेश ने कहा कि किसानों को फसल की बुआई से लेकर बिक्री तक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पहले खाद, बीज और सिंचाई के लिए पानी की समस्या होती है। समय पर बिजली भी नहीं मिलती। किसान मेहनत और लागत लगाकर फसल तैयार करता है, लेकिन जब उसे बेचने की बारी आती है तो उचित कीमत नहीं मिलती। भाजपा सरकार किसानों को केवल आश्वासन दे रही है। धान किसानों को प्रति क्विंटल एक हजार रुपए तक का नुकसान अखिलेश यादव ने दावा किया कि धान किसानों को लागत मूल्य की अपेक्षा प्रति क्विंटल एक हजार रुपए तक का नुकसान उठाकर फसल बेचनी पड़ रही है। उन्होंने धान खरीद केंद्रों की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि सरकारी खरीद की व्यवस्था प्रभावी नहीं होने से बिचौलिए किसानों से कम कीमत पर धान खरीदकर मुनाफा कमा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आलू की कीमतों में गिरावट से किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। किसानों को अपनी उपज के खरीदार नहीं मिल रहे हैं। मक्का समेत दूसरी फसलों के उत्पादकों को भी लागत के अनुरूप कीमत नहीं मिल रही है। गन्ना किसानों के बकाये का मुद्दा उठाया सपा अध्यक्ष ने गन्ना किसानों के भुगतान में देरी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि नया पेराई सत्र शुरू होने के बावजूद कई चीनी मिलों पर किसानों का सैकड़ों करोड़ रुपए बकाया है। उन्होंने पेट्रोल में इथेनॉल के इस्तेमाल का जिक्र करते हुए कहा कि इससे होने वाले लाभ का फायदा गन्ना किसानों को नहीं मिल रहा है। अखिलेश ने कहा कि पिछले दिनों बाढ़, बारिश और प्राकृतिक आपदाओं से किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ, लेकिन सरकार ने उनकी पर्याप्त मदद नहीं की। भाजपा सरकार में किसान उपेक्षित और परेशान हैं। खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, जबकि फसलों की कीमत और भुगतान की समस्या बनी हुई है। सपा सरकार बनने पर 24 घंटे में भुगतान का वादा अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों की समस्याओं और भाजपा सरकार की नीतियों से परेशान किसान 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से हटाकर समाजवादी पार्टी की सरकार बनाएंगे। उन्होंने वादा किया कि सपा सरकार बनने पर गन्ना किसानों को 24 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। फसलों का लाभकारी मूल्य दिलाने के साथ खाद, बीज और सिंचाई के पानी की समय पर व्यवस्था की जाएगी। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार किसानों के हितों की रक्षा करेगी और उनके शोषण को समाप्त करने के लिए काम करेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)