हत्या का डर दिखाकर 30 लाख के गहने ठगे:आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने ठगे गए सभी आभूषण बरामद किए

Oct 25, 2026 - 19:39
0
हत्या का डर दिखाकर 30 लाख के गहने ठगे:आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने ठगे गए सभी आभूषण बरामद किए
“तुम्हारे परिवार के लोग तुम्हारी हत्या करना चाहते हैं।” इस तरह का डर दिखाकर मथुरा के हाईवे थाना क्षेत्र की महिला से 30 लाख रुपये के आभूषण ठगने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगे गए शत-प्रतिशत आभूषण बरामद करने का दावा किया है। रविवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता के दौरान एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि हाईवे थाना क्षेत्र निवासी महिला ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। महिला के अनुसार, जुलाई में उसके मोबाइल पर एक कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को उसका दोस्त बताया और परिवार के सदस्यों के बारे में जानकारी देकर विश्वास जीत लिया। इसके बाद आरोपी ने महिला को उसके परिवार के खिलाफ भड़काना शुरू कर दिया। आरोपी ने महिला से कहा कि उसका भाई और पति उसकी हत्या करना चाहते हैं। इस बात का डर दिखाकर उसने महिला से घर में रखे आभूषण मांगे। आरोपी की बातों में आकर महिला ने अलग-अलग समय में करीब 30 लाख रुपये के आभूषण उसे सौंप दिए। आभूषण लेने के बाद आरोपी ने फोन करना बंद कर दिया। इसके बाद महिला को ठगी का एहसास हुआ और उसने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने जांच के बाद रविवार को माल गोदाम रोड से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान हाथरस जिले के मुरसान थाना क्षेत्र के गांव नगला सुखा निवासी लोकेंद्र के रूप में हुई है। प्रेसवार्ता में सीओ रिफाइनरी प्रवीन तिवारी और थाना प्रभारी अरविंद निर्वाल मौजूद रहे। महाराष्ट्र में भी 10 महिलाओं को बनाया निशाना पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सोशल मीडिया के माध्यम से महिलाओं से संपर्क करता था। फिर उनके परिवार की जानकारी जुटाकर पति और अन्य परिजनों के खिलाफ भड़काता था। रिश्तों में अविश्वास पैदा कर वह महिलाओं के कीमती आभूषण ठग लेता था। आरोपी वर्ष 2020 से महाराष्ट्र के गढ़चिरोली में रह रहा था। वहां भी करीब 10 महिलाओं से धोखाधड़ी करने की बात सामने आई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User