अयोध्या में 125 दुर्गा प्रतिमाओं का ऑर्डर लेकर मूर्तिकार भागा:सीसीटीवी में टीम के साथ जाते हुए दिखा, समितियों में हड़कंप
अयोध्या के देवकाली इलाके में दुर्गा प्रतिमाएं बना रहा मूर्तिकार उत्तम पाल एडवांस रकम लेकर टीम समेत अचानक फरार हो गया। उसके जाने से करीब 125 दुर्गा प्रतिमाओं का काम अधूरा रह गया है। मूर्तिकार के फरार होने की खबर मिलते ही दुर्गा पूजा समितियों के लोग मौके पर पहुंच गए। प्रतिमाएं समय पर तैयार न होने की आशंका से समितियों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है। मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। नाराज लोगों को शांत कराया गया और एहतियातन इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है। 125 प्रतिमाओं का लिया था ऑर्डर, एडवांस भी जमा बताया जा रहा है कि उत्तम पाल के पास अयोध्या शहर, ग्रामीण क्षेत्र और आसपास के अन्य जिलों की करीब 125 दुर्गा प्रतिमाएं बनाने का ऑर्डर था। समितियों ने प्रतिमाओं की बुकिंग के लिए उसे एडवांस रकम भी दी थी। मूर्तियां तैयार करने के लिए लगाए गए बांस का भी करीब 2 लाख रुपए का भुगतान बकाया बताया जा रहा है। मूर्तिकार के अचानक चले जाने के बाद मौके पर तैयार हो रही सभी प्रतिमाएं आधी-अधूरी रह गई हैं। रात 2 बजे के बाद टीम के साथ जाता दिखा मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में उत्तम पाल रात करीब 2 बजे के बाद अपनी टीम के साथ वहां से जाता हुआ दिखाई दे रहा है। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं है। मूर्तिकार के फरार होने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। नाराजगी को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है। समितियों ने तत्काल कार्रवाई की मांग की केंद्रीय दुर्गा पूजा एवं रामलीला समन्वय समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि आरोपी कलाकार को जल्द पकड़ा जाना चाहिए। मूर्तिकार के फरार होने से दुर्गा पूजा समितियों के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। समितियों के लोगों की चिंता इस बात को लेकर है कि दुर्गा पूजा शुरू होने से पहले प्रतिमाएं कैसे तैयार होंगी। लोगों ने पुलिस से मामले में कार्रवाई करने और मूर्तिकार का पता लगाने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)