अयोध्या में 95 साधन सहकारी समितियों पर लटके ताले:रबी की बोआई के बीच सहकारी समितियों पर तालाबंदी, खाद-बीज के संकट की आशंका
साधन सहकारी समिति के सचिवों और कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार से अयोध्या जिले की 95 समितियों पर ताले लटक गए हैं। इससे रबी फसलों की बोआई के लिए खाद-बीज का इंतजाम करने में किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। देवगांव, भगौड़ा, रौतवां,जगदीशपुर, बोडेपुर,अमानीगंज, मिल्कीपुर, गोकुला और खिहरान समेत जिले की विभिन्न समितियों पर कामकाज ठप है। किसानों को आशंका है कि यदि जल्द हड़ताल समाप्त नहीं हुई तो खाद-बीज का संकट गहरा सकता है। साधन सहकारी समिति के सचिवों और कर्मचारियों ने कमीशन व्यवस्था समाप्त कर पूर्व की तरह राज्यकोष से वेतन दिए जाने की मांग को लेकर कार्य बहिष्कार शुरू किया है। संगठन ने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है। कार्य बहिष्कार के चलते समितियों से खाद-बीज का उठान और वितरण भी प्रभावित हो रहा है। संगठन के अध्यक्ष अरविंद सिंह ने बताया कि कर्मचारियों की मांग है कि उन्हें पूर्व की तरह राज्यकोष से वेतन दिया जाए और कमीशन व्यवस्था समाप्त की जाए। जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं,तब तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन के कारण समितियों का कामकाज बंद है। शुक्रवार को किसान भोलानाथ तिवारी, उमानाथ शुक्ला, पवन कुमार और राधेश्याम ने बताया कि रबी सीजन की बोआई के लिए किसानों को खाद और बीज की जरूरत पड़ने लगी है। ऐसे में समितियों पर ताले लटकने से उनकी चिंता बढ़ गई है। किसानों ने मांग की कि कर्मचारियों की समस्याओं का जल्द समाधान कर समितियों पर खाद-बीज का वितरण शुरू कराया जाए। वहीं, जिला कोऑपरेटिव अयोध्या के अधिकारी राजकुमार शुक्ला ने बताया कि जिले की सभी साधन सहकारी समितियों पर खाद उपलब्ध है। सचिव और कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर कार्य बहिष्कार कर रहे हैं। मामले को लेकर वार्ता चल रही है और जल्द समाधान होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि फिलहाल जिले में खाद की मांग अधिक नहीं है। अभी आलू की बोआई का समय है और जिले में आलू की खेती का क्षेत्रफल कम है। उम्मीद है कि खाद की अधिक जरूरत पड़ने से पहले ही मामला सुलझ जाएगा और किसानों को खाद का वितरण शुरू हो जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)