बाराबंकी के स्कूलों में मना 'मीना दिवस':बच्चों ने स्टॉल लगाकर दिया स्वरोजगार व स्वच्छता का संदेश
सिद्धौर विकासखंड स्थित प्राथमिक विद्यालय पूरे सूबेदार और पीएम श्री विद्यालय भठिया में गुरुवार को 'मीना दिवस' हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसरों में मीना मेले का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने विभिन्न प्रकार के स्टॉल लगाए और रचनात्मक गतिविधियां प्रस्तुत कीं। इन आयोजनों के माध्यम से बालिका शिक्षा, समानता, स्वास्थ्य, सुरक्षा, स्वच्छता और स्वरोजगार का सकारात्मक संदेश दिया गया। प्राथमिक विद्यालय पूरे सूबेदार में प्रधानाध्यापक शिवम शर्मा ने मीना मंच के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए इसे लड़कियों में स्वतंत्र सोच, नेतृत्व क्षमता और आत्मनिर्भरता विकसित करने का अहम जरिया बताया। उन्होंने बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने, स्कूल में उपस्थिति बनाए रखने और सामाजिक बुराइयों व लिंग भेदभाव के प्रति जागरूक रहने पर जोर दिया। बच्चों को गुड टच-बैड टच जैसी सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम के अंत में बच्चों को मिठाई बांटी गई। वहीं, पीएम श्री विद्यालय भठिया में मीना सुगमकर्ता कृष्णा के मार्गदर्शन में बच्चों ने मीना का जन्मदिन पूरे उत्साह के साथ मनाया। यहां बच्चों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने के साथ ही पर्यावरण बचाने और पेड़ लगाने के प्रति भी जागरूक किया गया। इस अवसर पर प्रधान प्रतिनिधि राम मिलन रावत, आंगनबाड़ी संघ की जिलाध्यक्ष रानी, प्रधानाध्यापक राम कुमार वर्मा, गिरीश चंद्र जायसवाल, सहायक अध्यापिका वंदना, धर्मेंद्र शुक्ला और अनुदेशक कार्तिकेय वर्मा मौजूद रहे। जबकि प्राथमिक विद्यालय पूरे सूबेदार में नोडल सुगमकर्ता प्रतिभा, एसएमसी अध्यक्ष राजित राम समेत स्कूल स्टाफ व कई ग्रामीण उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)