बाराबंकी में लगातार बारिश-तेज हवाओं के बीच गिरा पेड़:बाइक समेत नीचे दबने से दूध कारोबारी की मौत
बाराबंकी के मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र में लगातार बारिश और तेज हवाओं के बीच शनिवार को झबरापुर गांव के पास बड़ा हादसा हो गया। छेदा बाजार से दूध बेचकर बाइक से घर लौट रहे 35 वर्षीय संजय वर्मा पर सड़क किनारे खड़ा पेड़ गिर गया। बाइक समेत पेड़ के नीचे दबने से संजय की मौत हो गई। ग्रामीणों ने पेड़ हटाकर उन्हें बाहर निकाला। सूचना पर पुलिस और राजस्व टीम मौके पर पहुंची। दूध बेचकर लौट रहे थे घर सीतापुर के मानापुर मुर्तजा नगर निवासी संजय वर्मा दूध बेचकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिवार के पास करीब डेढ़ बीघा खेती की जमीन है। खेती से पर्याप्त आमदनी नहीं होने के कारण वह रोजाना दूध लेकर छेदा बाजार जाते थे। शनिवार को भी वह दूध बेचने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। छेदा-पारा संपर्क मार्ग पर झबरापुर गांव के पास पहुंचने पर तेज हवा के बीच सड़क किनारे खड़ा पेड़ अचानक उनकी बाइक पर गिर गया। संजय पेड़ के नीचे दब गए। ग्रामीणों ने पेड़ हटाकर बाहर निकाला पेड़ गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने डालियां हटाकर संजय को बाहर निकालने का प्रयास किया। घटना की सूचना पुलिस और प्रशासन को दी गई। इसके बाद राजस्व टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। डेढ़ बीघा जमीन, दूध के कारोबार से चलता था घर परिजनों के अनुसार संजय की आय का मुख्य जरिया दूध का कारोबार था। उनके परिवार में बेटा हेमंत वर्मा और दो बेटियां श्यूटी व ब्यूटी हैं। संजय की मौत के बाद परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। नायब तहसीलदार ने किया घटनास्थल का निरीक्षण एसडीएम कार्तिकेय सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व टीम को मौके पर भेजा गया। टीम ने घटनास्थल की जांच की है। मृतक के परिवार को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। लगातार बारिश और तेज हवाओं के बीच पेड़ गिरने से हुए हादसे के बाद ग्रामीणों ने सड़क किनारे खड़े पुराने और कमजोर पेड़ों की जांच और आवश्यक छंटाई कराने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)