बेजुबान को बचाने के लिए तड़प उठा युवक:अलीगढ़ में करंट से झुलसे बंदर को उठाकर जिला अस्पताल पहुंचा; डॉक्टरों से करता रहा इलाज की विनती, मौत
अलीगढ़ में इंसानियत की एक भावुक तस्वीर सामने आई है। मंदिर से दर्शन कर लौट रहे डॉ. दिपांशु अग्रवाल को रास्ते में करंट से झुलसा बंदर तड़पता मिला। उसकी सांसें चल रही थीं। युवक से उसकी हालत देखी नहीं गई। वह उसे गोद में उठाकर सीधे मलखान सिंह जिला अस्पताल पहुंचा। वहां डॉक्टरों से हाथ जोड़कर बार-बार विनती की कि एक बार इसे देख लीजिए, शायद इसकी जान बच जाए। हालांकि अस्पताल में पशुओं के इलाज की व्यवस्था नहीं थी। देखते ही देखते बंदर ने दम तोड़ दिया। बेजुबान को बचाने की कोशिश में जुटे युवक की आंखें नम हो गईं। बाद में उसने अपने साथियों के साथ बंदर को दफन कर अंतिम विदाई दी। दर्शन करके लौट रहा था, रास्ते में दिखा जिंदगी के लिए जूझता बंदर घटना गुरुवार रात करीब साढ़े 10 बजे की है। डॉ. दिपांशु अग्रवाल रोज की तरह अचलश्वर महादेव मंदिर में दर्शन करने गए थे। लौटते समय पुल पार कर नौ देवी मंदिर के पास हीरालाल अस्पताल के सामने उन्हें बंदर पड़ा दिखाई दिया। बंदर 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन की चपेट में आकर झुलस गया था। वह पटरी से नीचे गिरा तड़प रहा था। उसकी सांसें चलती देख दिपांशु ने उसे उठाया और तत्काल मलखान सिंह जिला अस्पताल पहुंच गए। डॉक्टरों के सामने हाथ जोड़कर बोले- एक बार देख लीजिए दिपांशु ने बताया कि अस्पताल पहुंचकर उन्होंने डॉक्टरों से कई बार विनती की। हाथ जोड़कर कहा कि एक बार बंदर को देख लीजिए, शायद इसकी जान बच जाए। लेकिन वहां पशुओं के उपचार की सुविधा नहीं होने के कारण इलाज संभव नहीं हो सका। कुछ देर बाद बंदर ने दम तोड़ दिया। 'मैं वायरल होने नहीं, उसकी जान बचाने पहुंचा था' दिपांशु ने भावुक होकर कहा, 'मैं कोई राजनेता नहीं हूं और न ही सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए यह सब कर रहा हूं। मैं तो बस उस बेजुबान की जान बचाना चाहता था। वह मेरे सामने तड़प रहा था। मैं डॉक्टरों से मिन्नतें करता रहा। मेरे पास शब्द नहीं हैं कि उस समय मेरे ऊपर क्या बीती।' उन्होंने कहा कि शहर में घायल पशुओं और वन्यजीवों के लिए ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए, जहां जरूरत पड़ने पर तत्काल उपचार और रेस्क्यू की मदद मिल सके। सूचना पर पहुंचे साथी, बंदर को दी अंतिम विदाई दिपांशु के परिचित सुनील कुमार लोधी ने बताया कि रात करीब साढ़े 10 बजे वह अपने एक मित्र के घर बैठे थे। तभी दिपांशु का फोन आया। पहले उन्हें लगा कि वह मजाक कर रहा है, लेकिन घटना की गंभीरता पता चलने पर वह तत्काल पहुंचे। सुनील के मुताबिक, वह भी अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचे थे। वहां जूनियर स्टाफ से बातचीत हुई। बाद में बजरंग दल के अमित और अन्य साथी भी मौके पर पहुंचे। बंदर की मौत के बाद सभी ने मिलकर उसे दफन किया। वन्यजीवों के लिए रेस्क्यू और उपचार की व्यवस्था जरूरी सुनील कुमार ने कहा कि शहर में घायल बंदरों और दूसरे वन्यजीवों को समय पर उपचार दिलाने के लिए उचित व्यवस्था होनी चाहिए। वन विभाग और संबंधित विभागों के बीच ऐसा समन्वय होना चाहिए कि किसी घायल वन्यजीव की सूचना मिलने पर तत्काल मदद पहुंच सके। वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत बंदर जैसे वन्यजीवों के संरक्षण और प्रबंधन में वन विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे मामलों में रेस्क्यू और उपचार के लिए वन विभाग तथा अधिकृत पशु चिकित्सकीय केंद्रों के बीच समन्वय जरूरी है। 'जय श्रीराम कहते हैं तो बजरंगबली के इन बेजुबानों की भी सुध लें' दिपांशु ने भावुक अपील करते हुए कहा कि जब हम जय श्रीराम कहते हैं तो बजरंगबली के इन बेजुबान जीवों के प्रति भी अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। कोई जीव हमारे सामने तड़प रहा हो तो उसकी मदद के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश सिर्फ इतनी थी कि किसी तरह उस बंदर की जान बच जाए, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)