बेटी की मौत के बाद SP ऑफिस पहुंची मां:बोली- रोज थाने के चक्कर लगा रही, अब मर जाने का मन करता है; मंत्री से भी की शिकायत

Sep 28, 2026 - 16:20
0
बेटी की मौत के बाद SP ऑफिस पहुंची मां:बोली- रोज थाने के चक्कर लगा रही, अब मर जाने का मन करता है; मंत्री से भी की शिकायत
कानपुर देहात में बेटी की मौत के मामले में इंसाफ की गुहार लेकर सोमवार को एसपी कार्यालय पहुंची एक मां का दर्द कैमरे के सामने छलक पड़ा। कार्यालय के गेट पर ही उसे राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला दिखाई दीं। महिला ने मंत्री के सामने भी अपनी शिकायत रखने की कोशिश की, लेकिन उसे पुलिस के पास जाकर शिकायत करने की सलाह दी गई। इसके बाद महिला ने कहा कि वह लगातार थाने के चक्कर लगा रही है, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही। उसने भावुक होकर कहा कि अब उसे लगता है कि वह मर ही जाए। 8 सितंबर को घर के आंगन में फंदे से लटकी मिली थी बेटी मामला रसूलाबाद क्षेत्र का है। पीड़िता गुड्डी बेगम ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में अपनी बेटी सितारा की मौत की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के मुताबिक, 8 सितंबर 2026 की सुबह करीब 5 बजे सितारा ने घर के आंगन में रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। 13 साल से संबंध, शादी का भरोसा देने का आरोप गुड्डी बेगम ने शिकायत में आरोप लगाया है कि सितारा का करीब 13 वर्षों से रौनक सिंह उर्फ राम ठाकुर से संबंध था। महिला के मुताबिक, वर्ष 2019 में दोनों के विवाह की बात भी हुई थी, लेकिन बाद में विवाद बढ़ता गया। शिकायत में दबाव बनाने और कथित मारपीट के भी आरोप लगाए गए हैं। महिला का दावा है कि रौनक सिंह ने सितारा को लंबे समय तक साथ रखने और शादी करने का भरोसा दिया था। उसने यह भी बताया कि वर्ष 2024 में उसके पति राकेश अली की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। मोबाइल के डिजिटल साक्ष्यों की जांच की मांग बेटी की मौत के बाद मां ने पुलिस से मामले की जांच में डिजिटल साक्ष्यों को शामिल करने की मांग की है। उसने सितारा के मोबाइल की कॉल हिस्ट्री, मैसेज, WhatsApp चैट, फोटो और वीडियो की जांच कराने की मांग की है, ताकि मामले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल हो सके। बोली- घर से दो लाशें निकल चुकीं, आरोपी खुले घूम रहे महिला ने आरोप लगाया कि मुस्लिम और गरीब होने के कारण उसकी सुनवाई नहीं हो रही है। उसने कहा कि उसके घर से दो-दो लाशें निकल चुकी हैं, लेकिन आरोपी खुले घूम रहे हैं। महिला ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस बोली- जांच कर नियमानुसार होगी कार्रवाई महिला की शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले में थाना प्रभारी से संपर्क किया गया तो वह छुट्टी पर थे। अतिरिक्त प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User