भास्कर सर्वे-पंजाब में 2027 में किसी पार्टी को बहुमत नहीं:AAP-कांग्रेस में कांटे की टक्कर, BJP डार्क हॉर्स, अमृतपाल की पार्टी खोल सकती है खाता

Nov 02, 2026 - 09:04
0
भास्कर सर्वे-पंजाब में 2027 में किसी पार्टी को बहुमत नहीं:AAP-कांग्रेस में कांटे की टक्कर, BJP डार्क हॉर्स, अमृतपाल की पार्टी खोल सकती है खाता
पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) को कांग्रेस से कड़ी टक्कर मिल सकती है। वहीं, BJP डार्क हॉर्स के रूप में उभर सकती है। दैनिक भास्कर एप की ओर से कराए गए सर्वे में ये ट्रेंड देखने को मिल रहा है। यह सर्वे 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर के बीच पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर किया गया। इसमें 102 सीटों का रिजल्ट घोषित किया गया, जबकि 15 सीटों पर नतीजे निकालने लायक वोटिंग नहीं हुई। इस सर्वे के मुताबिक, पंजाब में इस बार किसी पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिलता नहीं दिख रहा। 34 सीटों पर AAP और इतनी ही सीटों पर कांग्रेस लोगों की पहली पसंद बनी। 2022 में AAP ने 92 और कांग्रेस ने 18 सीटों पर जीत दर्ज की थी। सर्वे रिजल्ट के मुताबिक, इस बार BJP डार्क हॉर्स बनकर उभर सकती है। लोगों ने 30 सीटों पर उसे अपनी पहली पसंद के तौर पर रखा है। BJP ने इससे पहले पंजाब में कभी भी 19 से ज्यादा सीटें नहीं जीतीं। BJP ने 2007 में अकाली दल से गठबंधन के दौरान 23 सीटों पर चुनाव लड़कर यह जीत हासिल की थी। शिरोमणि अकाली दल के लिए इस सर्वे में अच्छे संकेत नहीं मिले। वह सिर्फ 2 सीटों पर आगे रही। सांसद अमृतपाल सिंह की पार्टी अकाली दल-वारिस पंजाब दे का खाता इस चुनाव में खुल सकता है। हालांकि, लोगों ने सिर्फ एक सीट पर उसे सबसे आगे रखा है। इस सर्वे में AAP को करीब 60 सीटों का नुकसान होता दिख रहा है। वहीं, कांग्रेस और भाजपा को फायदा हो सकता है। हंग असेंबली आई तो ऐसा 58 साल बाद होगा 2027 के चुनाव नतीजे इसी सर्वे के हिसाब से आए तो पंजाब में तकरीबन 58 साल बाद हंग असेंबली (त्रिशंकु विधानसभा) बनेगी। इससे पहले पंजाब में आखिरी बार वर्ष 1969 के विधानसभा चुनाव में किसी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था। 1966 में हरियाणा अलग होने और पंजाब का कुछ हिस्सा हिमाचल में शामिल किए जाने के बाद यहां विधानसभा सीटों की संख्या 154 से घटाकर 104 कर दी गई थी। तब सरकार बनाने के लिए बहुमत का आंकड़ा 53 सीटों का था। उस समय के चुनाव में 43 सीटें जीतकर शिरोमणि अकाली दल सबसे बड़ी पार्टी बनी। कांग्रेस को 38, भारतीय जनसंघ को 8 और अन्य दलों व निर्दलीयों को 15 सीटें मिलीं। बाद में अकाली दल ने जनसंघ और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर गठबंधन सरकार बनाई थी। कौन सी पार्टी किस क्षेत्र में पहली पसंद, रीजनवाइज नतीजे मालवा में AAP को खासा नुकसान, लेकिन फिर भी सबसे बड़ी पार्टी मालवा इलाके में कुल 69 विधानसभा सीटें हैं। प्रदेश में किसी भी पार्टी की सरकार इसी रीजन से तय होती है। 2022 में AAP ने लैंडस्लाइड विक्ट्री हासिल करते हुए यहां 66 सीटें जीती थीं। सर्वे में 69 में से 60 सीटों के नतीजे घोषित हुए। इसके मुताबिक, AAP फिर मालवा में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर सकती है। AAP को यहां 21 सीटों पर लोगों ने पहली पसंद के तौर पर चुना। 2022 के मुकाबले उसे 45 सीटों का नुकसान हो रहा है। इसका सबसे ज्यादा फायदा कांग्रेस और भाजपा को मिल सकता है। कांग्रेस ने 2022 में मालवा में सिर्फ 2 सीटें जीती थीं, जो इस बार बढ़कर 19 तक पहुंच सकती हैं। BJP को 2022 में मालवा में कोई सीट नहीं मिली थी। इस बार सर्वे के नतीजों में उसे यहां 17 सीटें मिलती दिख रही हैं। अकाली दल 2022 में मालवा में केवल लुधियाना की दाखा सीट पर जीत पाया था। इस बार यहां उसकी एक सीट बढ़ सकती है। दोआबा में कांग्रेस पहली पसंद, फिर भी एक सीट का नुकसान दलित वोटरों के दबदबे वाले दोआबा क्षेत्र में 23 विधानसभा सीटे हैं। इनमें से सर्वे रिजल्ट घोषित वाली 19 सीटों में सबसे ज्यादा 8 सीटों पर लोगों ने कांग्रेस को अपनी पहली पसंद के रूप में चुना। वर्ष 2022 में कांग्रेस ने दोआबा में 9 सीटों पर जीत दर्ज की थी। AAP को 2022 की 10 सीटों के मुकाबले इस बार 7 सीटें मिल सकती हैं। BJP पिछली बार यहां सिर्फ एक सीट (मुकेरियां) जीत पाई थी। इस बार उसे 4 सीटें मिल सकती हैं। शिरोमणि अकाली दल का यहां खाता खुलता नहीं दिख रहा। बॉर्डर बेल्ट वाले माझा में चौंका सकती है भाजपा सर्वे में माझा के नतीजे सबसे ज्यादा चौंकाने वाले हैं। इस इलाके के चारों जिलों की सीमाएं पाकिस्तान से लगती हैं, इसलिए यह पूरा एरिया बेहद सेंसिटिव है। खालिस्तान मूवमेंट का गढ़ भी यही इलाका रहा है। इस क्षेत्र में BJP सबसे बड़ी पार्टी बनती दिख रही है। माझा एरिया में विधानसभा की 25 सीटें हैं और इनमें सबसे ज्यादा 9 सीटों पर लोगों ने BJP को अपनी पहली पसंद के रूप में चुना। वर्ष 2022 में वह यहां की सिर्फ पठानकोट सीट जीत पाई थी। कांग्रेस इस इलाके के लोगों की पसंद के मामले में दूसरे नंबर पर है। उसे 2022 के बराबर यानी 7 सीटें मिल सकती हैं। 2022 में AAP ने माझा की 16 सीटें जीती थीं, लेकिन इस बार सर्वे में 6 सीटों पर ही लोगों ने उसे अपनी पहली पसंदीदा पार्टी के रूप में चुना। शिरोमणि अकाली दल को यहां एक भी सीट मिलती नहीं दिख रही। जबकि, खालिस्तान समर्थक सांसद अमृतपाल की पार्टी अकाली दल-वारिस पंजाब दे यहां 1 सीट के साथ अपना खाता खोलती दिख रही है। किन सीटों पर कौन सी पार्टी रही पहली पसंद… सर्वे से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… लोग चाहते हैं-पंजाब में 92 MLA को टिकट न मिले:AAP के 95%, कांग्रेस के आधे, BJP के सभी विधायक नापसंद; भास्कर का सर्वे पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले दैनिक भास्कर एप की ओर से किए गए सर्वे में लोगों ने विधायकों पर अपना गुस्सा जाहिर किया। सर्वे में उन्होंने बताया कि प्रदेश के 90% मौजूदा MLA के टिकट काट देने चाहिए। (पढ़ें पूरी खबर) 55% लोग बोले- पंजाब सरकार की परफॉर्मेंस खराब. 22% ने बहुत बढ़िया बताया; मालवा में AAP, दोआबा में कांग्रेस, माझा में BJP फेवरेट पंजाब के 55% लोग प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार की परफॉर्मेंस को खराब मानते हैं, वहीं बाकी 45% जनता सरकार के काम से संतुष्ट है। लोगों ने अपनी यह राय दैनिक भास्कर एप की ओर से किए गए सर्वे में जाहिर की। (पढ़ें पूरी खबर) पंजाब में CM मान के काम-व्यवहार से लोग खुश:बोले- उनके 13 मंत्रियों का काम अच्छा नहीं; 12 की सीटों पर BJP-कांग्रेस पहली पसंद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के काम और व्यवहार, दोनों से उनके इलाके के लोग संतुष्ट हैं और उन्हें ही दोबारा अपना MLA बनाना चाहते हैं। हालांकि, उनके 13 मंत्रियों के बारे में जनता की राय इससे एकदम अलग है (पढ़ें पूरी खबर) सीटवाइज सर्वे रिजल्ट यहां देखें

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User