भगवान विष्णु की सीख:भृगु ऋषि ने कैसे मालूम किया कि तीनों देवताओं ब्रह्मा, विष्णु और महेश में कौन श्रेष्ठ हैं

Nov 19, 2026 - 06:08
0
भगवान विष्णु की सीख:भृगु ऋषि ने कैसे मालूम किया कि  तीनों देवताओं ब्रह्मा, विष्णु और महेश में कौन श्रेष्ठ हैं
कल (20 नवंबर) भगवान विष्णु योगनिद्रा से जागेंगे। विष्णु जी को तीनों देवों में श्रेष्ठ माना जाता है। इस संबंध में भृगु ऋषि से जुड़ी एक कथा प्रचलित है। जानिए यह कथा… कथा के मुताबिक, एक दिन सभी ऋषि-मुनियों के मन में एक प्रश्न उठा कि ब्रह्मा, विष्णु और महेश तीनों देवताओं में सबसे श्रेष्ठ कौन हैं? तीनों के गुण अलग-अलग हैं। ब्रह्माजी सृष्टि के रचयिता हैं, भगवान विष्णु पालनकर्ता हैं और भगवान शिव संहारकर्ता हैं। इस प्रश्न का उत्तर जानने के लिए सभी ऋषियों ने भृगु ऋषि को चुना। उन्होंने कहा, "आप तीनों देवताओं के पास जाकर उनके स्वभाव और व्यवहार की परीक्षा लें।" भृगु ऋषि सबसे पहले ब्रह्मलोक पहुंचे। वहां ब्रह्माजी बैठे हुए थे। भृगु ऋषि ने उन्हें प्रणाम नहीं किया और सीधे उनके पास जाकर बैठ गए। ब्रह्माजी को उनका यह व्यवहार अच्छा नहीं लगा। उन्हें क्रोध आया, लेकिन उन्होंने स्वयं को शांत रखा। भृगु ऋषि उनके चेहरे के भाव देखकर समझ गए कि उन्हें यह व्यवहार पसंद नहीं आया। इसके बाद भृगु ऋषि कैलाश पहुंचे। भगवान शिव ने उन्हें देखकर प्रसन्नता से गले लगाने के लिए आगे बढ़े, लेकिन भृगु ऋषि पीछे हट गए। उन्होंने कहा, "आपके शरीर पर चिता की भस्म लगी है, मैं आपको स्पर्श नहीं कर सकता।" यह सुनकर भगवान शिव क्रोधित हो गए और उन्होंने त्रिशूल उठा लिया। तभी माता पार्वती ने उन्हें शांत किया। भृगु ऋषि समझ गए कि भगवान शिव भी अपमानजनक व्यवहार पर क्रोधित हो गए। अब वे भगवान विष्णु के पास पहुंचे। उस समय विष्णुजी विश्राम कर रहे थे। भृगु ऋषि ने उनके सीने पर पैर से प्रहार कर दिया, लेकिन भगवान विष्णु को क्रोध नहीं आया। वे तुरंत उठे और भृगु ऋषि के पैर पकड़कर बोले, "हे ऋषिवर! मेरी छाती बहुत कठोर है। कहीं आपके कोमल चरणों में चोट तो नहीं लगी?" भगवान विष्णु के इस व्यवहार को देखकर भृगु ऋषि आश्चर्यचकित रह गए, वे भगवान के धैर्य, विनम्रता और क्षमाशीलता के गुणों से प्रभावित हो गए। भृगु ऋषियों के पास लौटे और पूरी घटना सुनाई। उन्होंने कहा, "भगवान विष्णु का व्यवहार हमें सीख देता है कि कठिन से कठिन परिस्थिति में भी अपने मन की शांति बनाए रखना सबसे बड़ा गुण है।" इसके बाद सभी ऋषियों ने भगवान विष्णु को तीनों देवताओं में श्रेष्ठ माना। कथा की सीख 1. जब कोई व्यक्ति हमें अपमानित करे या आलोचना करे, तो तुरंत जवाब न दें। कुछ पल रुककर सोचें। ध्यान रखें एक गलत प्रतिक्रिया कई दिनों की मेहनत और रिश्तों को खराब कर सकती है। 2. जीवन में हर काम का परिणाम तुरंत नहीं मिलता। सफलता पाने के लिए समय, मेहनत और निरंतरता जरूरी है। जल्दबाजी अक्सर गलत फैसलों की वजह बनती है। 3. लोग कई बार तनाव, गुस्से या अपनी परेशानियों के कारण गलत व्यवहार करते हैं। हर बात को अपने सम्मान से जोड़ना सही नहीं है। समझदारी से परिस्थितियों को देखना सीखें। 4. आप कितने भी सफल, अमीर या शक्तिशाली क्यों न बन जाएं, दूसरों के प्रति सम्मान बनाए रखें। विनम्रता व्यक्ति को छोटा नहीं, बल्कि महान बनाती है। 5. गुस्सा, ईर्ष्या और अहंकार निर्णय लेने की क्षमता को कमजोर करते हैं। भावनाओं को दबाने के बजाय उन्हें समझें और सही तरीके से व्यक्त करना सीखें। 6. क्षमा करने का अर्थ कमजोरी नहीं है। इसका अर्थ है कि हम दूसरों की गलतियों को अपने मन की शांति नष्ट नहीं करने देंगे। हालांकि, माफ करने के साथ अपनी सीमाएं तय करना भी जरूरी है। 7. हर बहस जीतना जरूरी नहीं है। हर व्यक्ति को अपनी बात समझाना भी जरूरी नहीं है। अपनी ऊर्जा उन कामों में लगाएं जो आपके लक्ष्य और भविष्य को बेहतर बनाते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User