आज ताजमहल समेत सभी स्मारकों में फ्री एंट्री:मुख्य मकबरे के लिए लेनी हाेगी टिकट, धरोहर सप्ताह के तहत होंगे जागरूकता कार्यक्रम
विश्व धरोहर सप्ताह की शुरुआत आज 19 नवंबर से हो रही है। इस मौके पर आगरा घूमने आने वाले पर्यटकों को बड़ी राहत मिलेगी। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने आज देशभर के सभी केंद्रीय संरक्षित स्मारकों में प्रवेश निशुल्क रखा है। इसके तहत ताजमहल, आगरा किला, फतेहपुर सीकरी, सिकंदरा और एत्माद्दौला समेत आगरा के प्रमुख स्मारकों में भारतीय और विदेशी पर्यटक बिना प्रवेश टिकट के घूम सकेंगे। हालांकि, ताजमहल के मुख्य मकबरे में प्रवेश के लिए पर्यटकों को 200 रुपए का अतिरिक्त टिकट लेना होगा। यानी ताजमहल परिसर में प्रवेश निशुल्क रहेगा, लेकिन मुख्य मकबरे को देखने के लिए निर्धारित शुल्क देना पड़ेगा। 25 नवंबर तक चलेगा विश्व धरोहर सप्ताह विश्व धरोहर सप्ताह 19 से 25 नवंबर तक मनाया जाएगा। ASI की अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. स्मिता कुमार के अनुसार, 19 नवंबर को देशभर के केंद्रीय संरक्षित स्मारकों और पुरातात्विक स्थलों पर प्रवेश शुल्क नहीं लिया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य लोगों को ऐतिहासिक धरोहरों से जोड़ना और उनके संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। स्मारकों में लगेंगी प्रदर्शनियां, बच्चों की होंगी प्रतियोगिताएं विश्व धरोहर सप्ताह के दौरान आगरा के ऐतिहासिक स्मारकों में जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें ऐतिहासिक धरोहरों पर प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। स्कूली बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी। इन गतिविधियों के जरिए बच्चों को स्मारकों के इतिहास, सांस्कृतिक महत्व और उनके संरक्षण की जानकारी दी जाएगी। पर्यटकों को मिलेगा इतिहास जानने का मौका ASI की ओर से आयोजित इन कार्यक्रमों का मकसद सिर्फ स्मारकों को दिखाना नहीं, बल्कि लोगों को उनकी ऐतिहासिक पहचान और महत्व से परिचित कराना भी है। विश्व धरोहर सप्ताह के दौरान पर्यटक और विद्यार्थी आगरा की ऐतिहासिक विरासत को करीब से जान सकेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)