बकरी चराने गईं 2 बच्चियां तालाब में डूबीं, मौत:गोंडा में नहाते समय एक का पैर फिसला, बचाने के चक्कर में दोनों बच्चियां भी गहरे पानी में समाईं
गोंडा के छपिया थाना क्षेत्र के जालेपुर गांव में सोमवार शाम तालाब में नहाने के दौरान तीन बच्चे डूब गए। हादसे में 14 वर्षीय इंद्रावती और 11 वर्षीय गुड़िया की मौत हो गई। वहीं 10 वर्षीय ओम को ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पानी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दो बच्चियों की मौत की खबर से गांव में कोहराम मच गया। ग्रामीणों के मुताबिक, तीनों बच्चे सोमवार दोपहर गांव के बाहर सीवान की तरफ बकरियां चराने गए थे। इसी दौरान गर्मी से राहत पाने और खेलने के लिए वे पास स्थित तालाब में नहाने लगे। नहाते समय अचानक एक बच्चे का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जाने लगा। उसे बचाने के प्रयास में दोनों बच्चियां भी असंतुलित होकर गहरे पानी में चली गईं। ग्रामीणों ने पानी में छलांग लगाकर बच्चे को बचाया तीनों के डूबने पर उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तालाब की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने पानी में छलांग लगाकर तीनों को बाहर निकालने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद 10 वर्षीय ओम को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद इंद्रावती और गुड़िया को भी पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों ने काफी पानी पी लिया था और दम घुटने से उनकी जान चली गई। ओम की हालत खतरे से बाहर ग्रामीणों ने ओम को तत्काल हथियागढ़ अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। दो बच्चियों की मौत की खबर मिलते ही जालेपुर गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शुरू की कार्रवाई सूचना पर छपिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी उमेश कुमार ने बताया कि दोनों बच्चियां बकरी चराने गई थीं। उनके साथ एक बालक भी था। तीनों तालाब में नहाने चले गए, जहां एक के बाद एक डूब गए। हादसे में दोनों बच्चियों की मौत हुई है, जबकि बालक को बचा लिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)