बुलंदशहर में दोना-पत्तल के गोदाम में भीषण आग:जान बचाने के लिए जिम से कूदे लोग, कई लोग हुए घायल
बुलंदशहर में रिहायशी इलाके के बीच दोना-पत्तल के गोदाम में बुधवार रात भीषण आग लग गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। गोदाम के ऊपर बने जिम में मौजूद लोग धुएं में घिर गए। जान बचाने के लिए कई लोगों ने ऊपर से नीचे छलांग लगा दी, जिससे वे घायल हो गए। जिम में एक्सरसाइज कर रहे थे युवक घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के शांतिनगर भूड़ की है। बुधवार रात करीब 12 बजे यहां दोना-पत्तल के गोदाम में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा। आग देखकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। गोदाम के ठीक ऊपर बने जिम में उस समय कई युवक और स्थानीय लोग एक्सरसाइज कर रहे थे। नीचे आग भड़कने और धुआं ऊपर पहुंचने से जिम में मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। खुद को आग और धुएं से घिरा देखकर कई लोगों ने जान बचाने के लिए ऊपर से नीचे छलांग लगा दी। इससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कागज और प्लास्टिक के सामान से तेजी से फैली आग सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। गोदाम में कागज और प्लास्टिक से बने दोना-पत्तल बड़ी मात्रा में रखे थे। इनके कारण आग तेजी से फैल गई और दमकल कर्मियों को काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। एडीएम और SP ग्रामीण ने लिया जायजा घटना की गंभीरता को देखते हुए एडीएम प्रशासन, SP ग्रामीण समेत पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया और लोगों को घटनास्थल से सुरक्षित दूरी पर हटाया। फिलहाल आग लगने का स्पष्ट कारण पता नहीं चल सका है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। गोदाम और जिम के संचालन से जुड़े सुरक्षा मानकों की भी पड़ताल की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)